जयपुर (ईएमएस)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्मार्ट सिटी अजमेर को पॉलिथीन मुक्त स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्था अहम भूमिका निभाएं। विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में अग्रणीय संस्था जवाहर फाउंडेशन द्वारा क्लीन अजमेर ग्रीन अजमेर अभियान के शुभारंभ पर जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में स्वाभिमान भोज रसोई पर आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मिले।उन्होंने कहा कि आमजन को दैनिक दिनचर्या में कपड़े के थैले का उपयोग करना चाहिए। सामाजिक संस्थाएं आमजन को पॉलिथीन का बहिष्कार करने के लिए जागरूक करें। इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त प्राचार्य श्री सुनील माथुर ने कहा कि आमजन को पर्यावरण एवं वन्य जीव संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पॉलिथीन का उपयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पॉलिथीन का उपयोग बन्द नहीं किया गया तो भविष्य में परिणाम घातक होंगे। अशोक शर्मा/ 3 बजे/22 मार्च 2026