राज्य
22-Mar-2026


जयपुर (ईएमएस)। राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण राज्यमंत्री और जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कोटपूतली-बहरोड़ कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक लेकर बजट घोषणाओं व फ्लैगशिप योजनाओं, पेयजल व बिजली की ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्रों तक पहुंचाने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर आमजन के परिवादों का गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण करें। बिजली, पानी, चिकित्सा जैसी आधारभूत सुविधाओं को निर्बाध आमजन तक पहुँचाने के प्रयास में गति लाएं। सिंह ने ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए पीएचईडी को खराब ट्यूबवेल, जल टंकियों की लीकेज, पम्पसेट आदि की जांच के लिए सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल में आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र ही पूर्ण की जाएं। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शेष पाइपलाइन कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा मोटर पम्पों की मरम्मत के प्रस्ताव तत्काल भेजने तथा समर कंटीन्जेंसी के तहत आकस्मिक कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा।प्रभारी मंत्री ने कहा कि गर्मी के मद्देनजर हीट वेव, लू, तापाघात जैसी मौसमी बीमारियों के बढ़ने की संभावना भी अधिक हो जाती है, ऐसे में चिकित्सा विभाग अपनी मशीनरी को सजग रखते हुए आमजन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराए। मौसमजनित बीमारियों के रोकथाम हेतु आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने पर्याप्त दवा भंडार रखने एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं मरीजों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। अशोक शर्मा/ 3 बजे/22 मार्च 2026