संगठन सशक्तिकरण पर केंद्रित रही हिंदू उत्सव समिति की बैठक भोपाल (ईएमएस) । मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर प्लेटिनम प्लाजा, टी.टी. नगर में 22 मार्च 2026 को श्री हिंदू उत्सव समिति भोपाल की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने की, जिसमें संगठन की दिशा, गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों को लेकर गंभीर मंथन हुआ। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए अपने विचार और सुझाव रखे। इसी क्रम में कोषाध्यक्ष महेश अग्रवाल ने प्रस्ताव रखा कि अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी की सुरक्षा के लिए शासन से विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की जाए, जिसे सदस्यों ने गंभीरता से लिया। समिति के भूतपूर्व अध्यक्ष संजय गुप्ता ने समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के लिए अध्यक्ष एवं पूरी टीम को बधाई दी, समिति उपाध्यक्ष तुलसा वर्मा ने अपने संबोधन में महिला ब्रिगेड बना कर अधिक से अधिक महिला शक्तियों को समिति से जोड़ने एवं सदस्यता दिलाने की बात कही, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वहीं उपाध्यक्ष दिलीप गुप्ता, बच्चन आचार्य एवं प्रवक्ता विनोद साहू ने भी संगठनात्मक सक्रियता को समय की आवश्यकता बताया। अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने समाज में बढ़ती सामाजिक चुनौतियों, विशेषकर तथाकथित लव जिहादÓ की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने समिति की महिला शक्ति से घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल त्योहारों का आयोजन नहीं, बल्कि समाज का संगठन, रचनात्मक कार्यों का विस्तार और पीड़ित हिंदू समाज के न्याय के लिए सतत संघर्ष करना है। उन्होंने आगे सनातनी सदस्यता अभियान पर प्रकाश डालते हुए सभी पदाधिकारियों से अधिकाधिक सदस्य जोड़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि संगठन की जड़ें और मजबूत हो सकें। बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के तहत सनातनी सदस्यता अभियान का प्रभारी हरिओम शर्मा को बनाया गया, जबकि पं. लीलाधर पचौरी को मुख्य आचार्य नियुक्त किया गया। समग्र रूप से यह बैठक संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक जागरूकता और सक्रिय जनभागीदारी के संकल्प के साथ संपन्न हुई, जिसने समिति के आगामी कार्यों की दिशा स्पष्ट कर दी। आशीष पाराशर/22 मार्च2026