राज्य
22-Mar-2026


धनबाद(ईएमएस)।धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति कॉलोनी स्थित ईसीएल क्वार्टर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई।इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक का नाम काजल राय था।उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।जानकारी के अनुसार काजल राय देर शाम अपने क्वार्टर पहुंचे थे।उसी दौरान उनके परिवार के अन्य सदस्य पास के गांव में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।पूरी रात युवक घर में अकेला था। रविवार सुबह जब परिजन कीर्तन से लौटे और घर का दरवाजा खोला तो काजल राय का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला।घर के भीतर का दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।उनके रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। घटना की सूचना थाना को दी गई।सूचना मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। कर्मवीर सिंह/22मार्च/26