भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नई पहल से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में संस्थान ने ‘संग्रह’ नाम से एक कलेक्टर्स और हॉबीस्ट्स क्लब की शुरुआत की है। यह संस्थान का पहला ऐसा क्लब है, जिसका उद्देश्य संग्रह करने और विभिन्न शौकों में रुचि रखने वाले लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। ‘संग्रह’ क्लब को एक ऐसे स्वागतपूर्ण मंच के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ लोग अपने शौक के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे, अपने संग्रह को साझा कर सकेंगे और नई जानकारियाँ प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल के माध्यम से संग्रहकर्ताओं और हॉबीस्ट्स को एक ऐसा समुदाय मिलेगा, जहाँ वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगे और समान रुचि रखने वाले अन्य लोगों से संवाद कर सकेंगे। क्लब के अंतर्गत डाक टिकट, सिक्के और कॉमिक्स जैसे लोकप्रिय संग्रहों के साथ-साथ एलपी रिकॉर्ड, पोस्टर और एंटीक वस्तुओं के संग्रह को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा, यदि किसी व्यक्ति का कोई विशेष या अनोखा संग्रहण से जुड़ा शौक है, तो उसके लिए भी इस क्लब में स्थान उपलब्ध है। इस क्लब का प्रबंधन प्रो. (डॉ.) रजनीश जोशी (डीन-अकादमिक, एम्स भोपाल) कर रहे है। हरि प्रसाद पाल / 22 मार्च, 2026