क्षेत्रीय
22-Mar-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | जिले में गर्मी के मौसम में अग्नि दुर्घटनाओं के दृष्टिगत नागरिकों को अग्नि दुर्घटना से सुरक्षा देने और अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा मेले का आयोजन करने का नवाचार किया जा रहा है। यह मेला 29, 30 व 31 मार्च को ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में आयोजित होगा। मेले में नागरिकों के लिए अग्नि सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का डोमो करने के साथ ही उपकरण विक्रय हेतु भी उपलब्ध रहेंगे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने रविवार को जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा मेले के आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थायें करने के दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, एडीएम श्री सी बी प्रसाद, कमांडेंट होमगार्ड श्री रिपुदमन सिंह, सहायक कमांडेंट श्री कौशल शर्मा, एसडीएम श्री अतुल सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम श्री प्रदीप तोमर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अग्नि सुरक्षा मेले के आयोजन के संबंध में स्पष्ट किया है कि यह मेला शासकीय मेला न होकर आम नागरिकों के सहयोग से आयोजित होने वाला जागरूकता मेला होगा। इस मेले के आयोजन में समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जायेगा। समाज के सभी वर्गों के साथ 24 मार्च को बैठक आयोजित कर इस मेले के आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव और सहयोग भी लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिले में अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए नगारिकों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही अग्नि सुरक्षा से किस प्रकार बचा जा सकता है, उसके लिये जागरूक करने का कार्य भी किया जायेगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में 29, 30 व 31 मार्च को अग्नि सुरक्षा मेले का आयोजन किया जायेगा। इस मेले में ग्वालियर जिले के साथ ही अन्य शहरों से अग्नि सुरक्षा उपकरण विक्रय करने वाले एवं विषय विशेषज्ञों को बुलाया जायेगा। मेले में नागरिकों के लिये अग्नि सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन एवं विक्रय भी उपलब्ध रहेगा। नागरिकों को अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जानकारी देने के साथ-साथ उनका उपयोग किस प्रकार किया जाता है, इसके बारे में बताया जायेगा। समाज के सभी वर्गों से इस महत्वपूर्ण मेले में सहयोग करने और अपने जिले को अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित करने के लिये सहयोग लिया जायेगा। बैठक में बताया गया कि अग्नि सुरक्षा मेले में अग्नि सुरक्षा उपकरणों के स्टॉल लगाने के लिये कोई भी वेंडर नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर (मोबा. 8839263190) एवं निगम के फायर ऑफीसर श्री उमंग (मोबा. 8878432178) से संपर्क स्थापित कर स्टॉल लगाने की सहमति प्राप्त की जा सकती है। कलेकटर श्रीमती रुचिका चौहान ने कमांडेंट होमगार्ड को भी निर्देशित किया है कि ग्वालियर जिले में अग्नि दुर्घटनाओं की सुरक्षा के लिये तैयार किए गए वॉलेन्टियरों को भी इस मेले की गतिविधियों से जोड़ा जाए। इसके साथ ही समाज के सभी वर्गों को इस मेले से जोड़कर जिले को अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित करने के सार्थक प्रयास किए जायेंगे।