क्षेत्रीय
22-Mar-2026


सिरोंज (ईएमएस)। नगर के प्रसिद्ध महामाई मंदिर परिसर में चल रहे भव्य मेले में इन दिनों भक्ति, संस्कृति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन आयोजित हो रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज प्रसिद्ध भजन गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी मधुर वाणी से भक्तों को भाव-विभोर करेंगी। उनके लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है एवं दिन के समय महामाई सेवा समिति के द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण षिविर भी आयोजित किया जायेंगा । नवरात्रि पर्व प्रारंभ होते ही महामाई मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। दूर-दूर से भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मेले के अंतर्गत प्रतिदिन दोपहर के समय आकर्षक रासलीला तथा रात्रि में भव्य रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हो रहे हैं। सुबह-शाम आरती में उमड़ रही भीड़- नवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 04ः00 बजे एवं शाम 08ः30 बजे महामाई मैया की आरती विधि-विधान से की जाती है। इस दौरान बड़ी संख्या श्रद्धालु उपस्थित होकर आरती में सहभागिता करते हैं और धर्म लाभ अर्जित करते हैं। मंदिर परिसर में गूंजते भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है , इसके साथ ही मेले में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जा रहा है। विशेष रूप से श्री विद्या शतचंडी दुर्गा महायज्ञ का आयोजन निरंतर जारी है, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और यज्ञ में आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। ईएमएस/सलमान खान/ 22 मार्च 2026