* विसनगर में ‘महिमावंत महेसाणा’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दी सौगात-रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा नया बल मेहसाणा (ईएमएस)| महेसाणा जिले के विकास के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को विसनगर में ‘महिमावंत महेसाणा’ कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 938 करोड़ रुपए की विभिन्न जनहितोन्मुखी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विसनगर तथा महेसाणा जिले के लिए 630 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का शिलान्यास, 168 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन तथा 140 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों को जनता के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ये परियोजनाएं महेसाणा जिले के सर्वांगीण उत्कर्ष के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं को पोषण किट वितरित की गई। सभी नागरिकों ने मुख्यमंत्री की प्रेरणादायक उपस्थिति में स्वदेशी अपनाने की शपथ ली। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात आज फाइनेंशियल मैनेजमेंट में देश में अग्रसर है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महेसाणा जिले के विकास के लिए सरकार के पास भंडार की कोई कमी नहीं है और जिले से आने वाले प्रत्येक उचित कार्य को प्राथमिकता देकर मंजूरी दी जाएगी। राज्य के सर्वांगीण विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन दिनों में ही गुजरात में 2500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। महेसाणा-पालनपुर रेलवे लाइन का दोहरीकरण और वर्षों से लंबित तारंगा-अंबाजी रेलवे लाइन को मिली मंजूरी इस क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देगी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर को विश्वस्तरीय हेरिटेज टाउन के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्कूल, पुरातात्विक संग्रहालय तथा रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का उल्लेख किया। भूपेंद्र पटेल ने आगे कहा कि महेसाणा में उत्तर गुजरात क्षेत्र की रीजनल वाइब्रेंट समिट में हुए 3.24 लाख करोड़ रुपए के एमओयू जिले के औद्योगिक भविष्य की झलक दिखाते हैं और अब यह जिला फूड प्रोसेसिंग हब के रूप में भी उभर रहा है। इस अवसर पर ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई विकास की मशाल को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तेज गति से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सरकार की किसानोन्मुखी नीतियों का विवरण देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के लिए 11,000 करोड़ रुपए का महत्वपूर्ण पैकेज घोषित किया है, जिसके अंतर्गत महेसाणा के किसानों को फसल नुकसान के लिए 250 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में जमा की गई है। जिले में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करते हुए विजापुर और खेरालु को सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल की भेंट मिली है, साथ ही शिक्षा क्षेत्र में एमएन साइंस कॉलेज के साथ नई कॉलेजों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंत्री ने आगे कहा कि सुदूरवर्ती व्यक्ति के ‘ईज ऑफ लिविंग’ में सुधार के लिए सरकार कटिबद्ध है। शहरों को वायर-फ्री बनाने के लिए ऊंझा सहित नगर पालिकाओं में भूमिगत बिजली लाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। मोढेरा के सूर्य मंदिर और वडनगर के ऐतिहासिक गौरव के साथ आधुनिक सुविधाओं का समन्वय करते हुए गुजरात 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में नींव की भूमिका निभाएगा। सतीश/22 मार्च