:: आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास की मेजबानी में 40 सौभाग्यवती महिलाओं का हुआ सामूहिक उद्यापन; बग्घियों पर सवार ईसर-गौर रहे आकर्षण का केंद्र :: इंदौर (ईएमएस)। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम में रविवार को आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के मातृशक्ति प्रकोष्ठ द्वारा गणगौर पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस गरिमामय आयोजन में 40 सौभाग्यवती महिलाओं के गणगौर व्रत का सामूहिक उद्यापन विधि-विधान से संपन्न हुआ। उत्सव के दौरान समाज की 300 से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर ढोल-ढमाकों के साथ भव्य बाना निकाला, जिसने समूचे क्षेत्र को भक्ति और संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया। न्यास के अध्यक्ष पं. दिनेश शर्मा एवं महामंत्री सुरेश शर्मा काका के अनुसार, शोभायात्रा सियाराम बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर 60 फीट रोड होते हुए विद्याधाम पहुँची। इस दौरान महिलाओं और युवतियों के अनेक युगल ईसर और गौर के रूप में श्रृंगारित होकर बग्घियों में विराजित थे। मार्ग भर महिलाओं ने गणगौर को मस्तक पर धारण कर नाचते-गाते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। मातृशक्ति प्रकोष्ठ की सरस्वती शर्मा, भारती शर्मा और साधना शर्मा सहित अन्य सदस्याओं ने पूरे उत्साह के साथ महोत्सव की कमान संभाली। महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों ने अपनी सेवाएँ अर्पित कीं। जहाँ ओमप्रकाश शर्मा और अखिलेश शर्मा ने बाने की व्यवस्था संभाली, वहीं सुनील भंडारी और राजेंद्र शर्मा ने भोजन व चिन्मय शुक्ला ने पंगत व्यवस्था का जिम्मा उठाया। उपहार, पेयजल, विद्युत और केटरिंग जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में भी समाज जनों का सक्रिय सहयोग रहा। न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि बाने के पश्चात विद्याधाम परिसर में सभी के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. लोकेश जोशी, प्रमोद जोशी, धर्मेश शास्त्री और विनय शर्मा जैसे वरिष्ठ जनों ने समन्वय की भूमिका निभाई। सभी ने एकजुट होकर इस महोत्सव को अभूतपूर्व बनाने में अपना योगदान दिया। गणगौर माता की आराधना के इस पावन अवसर पर मातृशक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिससे समाज में एकता और पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश गया। प्रकाश/22 मार्च 2026