:: बंगाली कॉलोनी चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; आरोपी चालक फरार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के बंगाली कॉलोनी चौराहे के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। ईद की खुशियाँ मना रहा परिवार उस समय मातम में डूब गया, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, माणिकबाग निवासी सुफियान अपनी बहन और 4 वर्षीय भांजी इकरा के साथ बाइक पर सवार होकर खजराना स्थित अपने रिश्तेदारों के घर ईद मिलने जा रहे थे। बंगाली कॉलोनी ब्रिज के ठीक पहले रिंग रोड कट के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और मौके से तेजी से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुफियान की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में मासूम इकरा सिर के बल सड़क पर गिरी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उपचार के दौरान इकरा ने दम तोड़ दिया। सुफियान और उनकी बहन का इलाज जारी है। घटनास्थल पर मौजूद भीड़ में से कोई भी टक्कर मारने वाले वाहन का नंबर नोट नहीं कर सका। पुलिस अब रिंग रोड और बंगाली चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। प्रकाश/22 मार्च 2026