राज्य
22-Mar-2026
...


:: 80 लाख रूपये की लागत से होगा निर्माण; ड्रेनेज और जलप्रदाय का 80% कार्य भी हुआ पूर्ण :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रविवार को वार्ड क्रमांक 11 के अंतर्गत भागीरथपुरा क्षेत्र में 80 लाख रूपये की लागत से बनने वाली नवीन सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। यह सड़क भागीरथपुरा आंगनबाड़ी से लेकर साईं मंदिर तक बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुनियादी ढांचे पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ड्रेनेज और जलप्रदाय लाइन बिछाने का लगभग 80 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की प्राथमिकता उन क्षेत्रों में जल्द से जल्द सड़कों का डामरीकरण और निर्माण शुरू करने की है, जहां पाइपलाइन डालने का कार्य पूर्ण हो चुका है, ताकि स्थानीय नागरिकों को धूल, कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से स्थाई निजात मिल सके। इस अवसर पर नगर निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगॉंवकर, झोनल अधिकारी आनंद रैदास सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भागीरथपुरा क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर विकास कार्यों का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। क्षेत्रीय पार्षद कमल बघेला ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की स्वीकृति के लिए नगर निगम प्रशासन और महापौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस नवीन सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ड्रेनेज और जलप्रदाय की समस्याओं के स्थाई समाधान के साथ यह सड़क क्षेत्र की कायापलट करने में मील का पत्थर साबित होगी। प्रकाश/22 मार्च 2026