23-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज मामले में दो दिन पहले लापता हुए युवक का शव संदिग्धावस्था में पानी की टंकी में मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसा, हत्या या आत्महत्या तीनों एंगल से जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र का है जहां बजरंग नगर कांकड़ में रहने वाला युवक रोहित पिता मुकेश उम्र बीस साल शनिवार शाम से ही लापता था। उसका शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर एक निर्माणाधीन मकान के पास स्थित पानी की टंकी में पड़े होंने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर शव के पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक के मानसिक रूप से अस्थिर रहने की बात भी सामने आई है। वहीं मौत का कारण पानी में डूबना ही है। हालांकि टंकी में पानी कम था इसके चलते जांच में अन्य पहलुओं को भी शामिल किया गया है। लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी के अनुसार रोहित गुरुवार से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने शनिवार को दर्ज कराई थी। उसी शाम को उसका शव आंशिक रूप से भरी (लगभग 3 से 3.5 फीट पानी) गहरी टंकी में मिला। परिजन के अनुसार, रोहित मजदूरी करता था। मामले में पुलिस जांच कार्रवाई जारी है। आनंद पुरोहित/ 23 मार्च 2026