क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


- बार-बार जाम से बिगड़े हालात दीवानगंज ओवरब्रिज निर्माण से बढ़ा ट्रैफिक दबाव रायसेन(ईएमएस)। रायसेन जिले के दीवानगंज हाईवे-18 पर पिछले पांच दिनों में छह ट्रक पलट चुके हैं। इन दुर्घटनाओं के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में, दो ट्रकों के पलटने से घंटों तक यातायात बाधित रहा। पहली घटना मंगलवार-बुधवार रात करीब 3.30 बजे दीवानगंज के फाल्कन गार्डन देहरी गांव के पास हुई। यहां भूसे का एक ओवरलोड ट्रक हाईवे-18 के बीचों-बीच पलट गया। इस दुर्घटना के कारण लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जो सुबह 8 बजे तक जारी रहा। सूचना मिलने पर सुखी सेवानिया पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया। इसके बाद सुबह 8:00 बजे यातायात सामान्य हो सका। इस लंबे जाम में कई लंबी दूरी की यात्री बसें भी फंसी रहीं, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। - ट्रांसफॉर्मर से टकरा गया था ट्रक सोमवार दोपहर को ही दीवानगंज के फैक्ट्री चौराहे पर एक ट्रक रिवर्स करते समय ट्रांसफार्मर से टकरा गया, जिससे ट्रांसफार्मर गिर गया और बिजली के तार टूटने से इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, फैक्ट्री चौराहे पर ही शराब की दुकान के सामने वाहनों के इंजन के सामान से भरा एक अन्य ट्रक बबूल के पेड़ को तोड़ते हुए सड़क से नीचे पलट गया। क्षेत्र में ट्रकों के पलटने की घटनाओं में वृद्धि का मुख्य कारण रेलवे ओवरब्रिज पर चल रहा निर्माण कार्य है। इस कार्य के चलते सुखी बाईपास बंद कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप, मंडीदीप जाने वाले ओर आने वाले सभी वाहन अब रायसेन, दीवानगंज और सलामतपुर होते हुए गुजर रहे हैं। इस बदलाव के कारण हाईवे पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 12,000 वाहन गुजरते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 16,000 के आस पास हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और भी बढ़ गया है। ईएमएस/23/03 /26