क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


तमिल में भेजे गये ई-मेल में की गई है तेलुगु फिल्म राजू वेड्स राम बाई की जमकर तारीफ - मेल में लिखी है तमिल सरकार में मंत्री सेंथिल बालाजी पर से सीबीआई केस हटाए जाने की बात भोपाल(ईएमएस)। शहर के कोहेफिजा थाना इलाके में स्थित संभागीय कमिश्नर कार्यालय को बम उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह तमिल में भेजे गये इस धमकी भरे ईमेल में तेलुगु फिल्म राजू वेड्स राम बाई की जमकर तारीफ की गई है, साथ ही ईमेल में तमिल सरकार में मंत्री सेंथिल बालाजी पर से सीबीआई केस हटाए जाने की बात भी लिखी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यालय के कर्मचारियों को बाहर निकाला। बीडीएस की टीम मौके पर पहुंची और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक आज सुबह डिविजनल कमिश्नर कार्यालय के ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकी भरा हुआ मेल मिला था। कार्यालय की ओर से पुलिस को सूचना दी गई और तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। साथ ही बीडीएस की टीम भी पहुंच गई, जो सचिंग करने में जुटी हुई है। हालांकि काफी मशक्कत के बाद बम से उड़ाने की धमकी गलत निकली। पहले की तरह ही यह धमकी भी ईमेल के माध्यम से दी गई थी। मेल में लिखा गया है कि डिविजनल कार्यालय में 15 छोटे-छोटे आरडीएक्स बम धमाकों के लिए तैयार हैं। दोपहर 1:15 बजे से पहले सभी को कार्यालय से बाहर कर दें। हालांकि पुलिस की सर्चिंग में किसी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु पुलिस के हाथ नहीं लगी है। पुलिस आईपी एड्रेस के आधार पर मेल भेजने वाली की तलाश कर रही है। जुनेद / 23 मार्च