मुंबई (ईएमएस)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान उन आरोपों का जोरदार खंडन किया कि उन्होंने बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान से उनके बेटे आर्यन खान को हाई-प्रोफाइल कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्स मामले में बचाने के लिए रिश्वत मांगी थी या ली थी। आर्यन खान को 2021 में कार्डेलिया क्रूज ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े थे। बाद में आर्यन खान को इस केस में जमानत मिल गई थी। हालांकि पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई ने अपनी एफआईआर में आरोप लगाया था कि समीर वानखेड़े ने आर्यन खान का नाम जांच से हटाने के लिए शाहरुख खान से 25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस मामले में सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान वानखेड़े के वकील आबाद पोंडा ने कहा कि क्रूड ड्रग्स केस की जांच के दौरान शाहरुख खान या उनके परिवार से न ही रिश्वत मांगी गई और न ही रिश्वत ली गई। वकील ने तर्क दिया कि वानखेड़े को 25 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग या शाहरुख खान से पैसे ऐंठने के किसी भी सीधे प्रयास से जोड़ने वाला कोई ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सीबीआईकी एफआईआर में उन लोगों के नाम हैं, जिन्होंने कथित तौर पर पैसे लिए थे और यह तर्क दिया कि वानखेड़े व्यक्तिगत रूप से ऐसे लेन-देन में शामिल नहीं थे। सुबोध/२३-०३-२०२६