क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


नर्मदापुरम (ईएमएस) । नर्मदापुरम संभाग कमिश्‍नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने सोमवार को अनुविभागीय कार्यालय एवं तहसील कार्यालय सोहागपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थापना शाखा, कानूनगो शाखा, रीडर शाखा, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार कोर्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी शासकीय फाइलों एवं पत्रों का मूवमेंट ई ऑफिस सिस्टम से करने के निर्देश दिए। कमिश्‍नर ने कहा कि तहसील कार्यालय में रिसीप्ट कम रिसेप्शन रूम बनाया जाए एवं आवेदनकर्ताओं एवं बाहर से आने वाले सभी शासकीय डाक एवं पत्रों को रिसीव कर उनका स्कैन कर ई ऑफिस सिस्टम में चढ़ाया जाए एवं उन सभी आवेदनों पत्रों का जवाब ई ऑफिस सिस्टम के माध्यम से दिया जाए, कमिश्‍नर ने इस बात पर सख्त नाराजगी जाहिर की की तहसील कार्यालय में ई ऑफिस सिस्टम से प्रॉपर तरीके से कार्य नहीं किया जा रहा है। अभी भी शासकीय पत्रों का जवाब ऑफलाइन दिया जा रहा है। डिस्पैच का तो सीआरयू बना हुआ है लेकिन रिसीप्ट का ही आर यू नहीं है कोई भी पत्र ई ऑफिस से मार्क होकर नहीं जा रहा है। कमिश्‍नर ने कहा कि यदि कोई हार्ड कॉपी आ रही है तो उसको स्कैन कर ई ऑफिस में दर्ज करें। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई कर्मचारी कंप्यूटर कार्य करने में दक्ष नहीं है कमिश्‍नर ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सुश्री प्रियंका भलावी को निर्देश दिए कि वह अप्रशिक्षित कर्मचारियों को कंप्यूटर का पर्याप्त प्रशिक्षण दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अप्रशिक्षित कर्मचारियों को भी हिदायत दी की वह समय रहते कंप्यूटर से कार्य करने में दक्ष हो जाए अन्यथा उनके विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्‍नर ने कहा कि आज आवश्यकता है कि सभी कर्मचारी कंप्यूटर में कार्य करने में सहज रहे। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार श्री रंजीत सिंह बिना बताए अनुपस्थित पाए गए। कमिश्‍नर ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी को तत संबंध में नियम अनुसार कलेक्टर को अवगत कराते हुए संबंधित तहसीलदार को नोटिस देने के निर्देश दिए। कमिश्‍नर ने तहसील कार्यालय की स्थापना शाखा के लिए एक स्कैनर खरीदने के निर्देश दिए। और कहां की जितने भी आवेदन या जनसुनवाई के प्रकरण आते हैं उन सबको स्कैन कर ही आवक एवं जावक किया जाए। वरिष्ठ कार्यालय या अन्य जगह से आने वाले आवेदनों को एक ही जगह रिसीव किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी रजिस्टर आवक जावक शाखा में ना रखा जाए। हर काम ऑनलाइन ही संपादित किया जाए। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए की सभी ऑनलाइन प्राप्त पत्रों पर टीप एवं हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से किए जाएं। कानूनगो शाखा का निरीक्षण करते हुए कमिश्‍नर श्री तिवारी ने तहसील कार्यालय में रिक्त एवं भरे पदो की जानकारी ली साथ ही उन्होंने निर्देश दिए की कोटवारों, पटवारियों एवं चैनमैनो के वेतन का भुगतान प्रत्येक माह समय पर किया जाए। उन्होंने गोपनीय चरित्रावली के अभाव में कुछ पटवारी एवं अन्य कर्मचारी को अब तक समय मान वेतनमान प्राप्त न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुविभागीय राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि वे पटवारी एवं अन्य कर्मचारियों की गोपनीय चरित्रा वली कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त कर उन सभी को समय मान वेतनमान का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने कोटवारों पटवारी एवं चैनमैनो के वेतन रजिस्टर का अवलोकन किया और निर्देश दिए की वेतन का अनुमोदन नोट शीट में लेकर तहसीलदार के हस्ताक्षर से ही स्कैन कर वेतन के बिल लगाए जाएं। वेतन भुगतान संबंधी सभी कार्रवाई ऑनलाइन करने के निर्देश देते हुए कमिश्‍नर ने कहा कि सभी वेतन भुगतान संबंधी कार्रवाई ऑनलाइन की जाए और इसमें उन्होंने पर्याप्त सुधार करने के भी निर्देश दिए। कमिश्‍नर श्री तिवारी ने निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के सर्विस बुक का अवलोकन किया और निर्देश दिए की सर्विस बुक में नॉमिनेशन एवं जन्म तारीख एवं डेट ऑफ ज्वॉइनिंग सही-सही दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि सर्विस बुक में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे। यदि इन सब चीजों की एंट्री नहीं है तो प्राथमिकता से संबंधित शाखा प्रभारी सर्विस बुक में कर्मचारियों की समस्त जानकारी अपडेट करें। कमिश्‍नर ने आकस्मिक पंजी का भी अवलोकन किया साथ ही अवकाश आवेदन-पत्रो का निरीक्षण किया और निर्देश दिए की अवकाश के आवेदन भी ऑनलाइन ही लिए जाएं और ऑनलाइन ही स्वीकृत किए जाएं। उन्होंने अवकाश पंजी का संधारण ऑनलाइन करने के निर्देश दिए। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए की तहसील कार्यालय के सभी कर्मचारियों की ई ऑफिस फाइल प्रथम पृथक रूप से अनिवार्य रूप से बनाई जाए। इन फाइलों में सभी कर्मचारियों की छुट्टी की एंट्री एवं छुट्टी स्‍वीकृति की एंट्री की जाए। उन्होंने कहा कि समस्त पंजी भी ई सिस्टम से बनाया जाए और संचालित किये जाए। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय में आने वाले बिजली बिलों की जानकारी ली। साथी ही उन्होंने निर्देश दिए की सभी कर्मचारी अपनी उपस्थिति सार्थक एप के माध्यम से ही दर्ज करें। उपस्थिति पंजी का उपयोग किसी भी स्थिति में ना करें। उन्होंने भंडार पंजी का अवलोकन करने के दौरान पाया की पंजी पर्याप्त रूप से संधारित नहीं है। उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारी को विधिवत भंडार पंजी का संधारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्‍नर श्री तिवारी ने लोक सेवा केंद्र से प्राप्त प्रकरणों एवं उनके निराकरण की अदयतन स्थिति का निरीक्षण किया साथ ही उन्होंने निर्देश दिए की लोक सेवा केंद्र से प्राप्त प्रकरणों को भी स्कैन कर ऑनलाइन किया जाए। इस दौरान उन्होंने पीठासीन अधिकारी की आईडी पर प्राप्त प्रकरणों का अवलोकन किया और उसमें पर्याप्त सुधार करने के निर्देश दिए। कमिश्‍नर ने उसके पश्चात अनुविभागीय राजस्व कार्यालय सोहागपुर का निरीक्षण किया। एसडीएम के रीडर आईडी पर आए प्रकरणों का अवलोकन किया। निर्देश दिये कि नजूल के प्रकरणों के भी पंजीयन किए जाएं साथ ही कहां की भू आवंटन के प्रकरण अलग होते हैं अतः ऐसे प्रकरण को नजूल में दर्ज न किया जाए। आरसीएमएस पोर्टल में प्राप्त प्रकरणों का निरीक्षण करते हुए कमिश्‍नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए की आरसीएम पोर्टल से प्राप्त प्रकरणों की तारीख अपडेट रखी जाए। निराकरण या सुनवाई के प्रकरणों में पक्ष कारो एवं वकील के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से लिए जाएं। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त विकास श्री डी एन पटेल, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सोहागपुर सुश्री प्रियंका भलावी, नायब तहसीलदार श्रीमती निरू जैन, संभागीय सलाहकार आरसीएमएस श्री भूपेंद्र गुर्जर सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे। ईएमएस / 23/03/2026