बालाघाट (ईएमएस). जिला पंचायत बालाघाट के सभागृह में सोमवार को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, महाविद्यालय के प्रोफेसर, निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि, पुलिस विभाग, अस्पतालों के प्रतिनिधि एवं ग्रामीण एवं शहरी स्थानीय निकायों के अधिकारी सहित लगभग 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण डॉ. रूपम खरे, प्रोफेसर एवं नोडल अधिकारी बालाघाट के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस दौरान प्रीति रजक हवलदार अनुदेशक होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ टीम द्वारा आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में आपदा का परिदृश्य एवं प्रबंधन, भूगर्भिक आपदाओं का परिचय, भूकंप के कारण एवं प्रभाव, भारत एवं मध्यप्रदेश का भूकंप प्रोफाइल, भूकंप प्रतिरोधी बुनियादी ढांचा, आपदा पूर्व तैयारी, समुदायों की भूमिका, क्या करें एवं क्या न करें जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई। साथ ही भूकंप मॉक ड्रिल, खोज एवं बचाव, निकासी प्रक्रिया, चिकित्सा सहायता, हताहतों का सुरक्षित परिवहन एवं राहत शिविरों के प्रबंधन जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण टीम में एसडीईआरएफ के करण सिंह वल्के, विशाल रजक, योगेश बघेल उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में आपदा संबंधी जागरूकता बढ़ाना एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। भानेश साकुरे / 23 मार्च 2026