क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत गौरैया दिवस के अवसर पर शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट के इको क्लब द्वारा गौरैया संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तेजी से घटती गौरैया की संख्या के प्रति समाज को जागरूक करना और उसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गौरैया केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी घटती संख्या पर्यावरण असंतुलन का संकेत है। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा कृत्रिम घोंसला निर्माण गतिविधि आयोजित की गई तथा महाविद्यालय परिसर में गौरैया एवं अन्य पक्षियों के लिए पानी के सकोरे भी रखे गए। विद्यार्थियों ने सेव स्पैरो अभियान के तहत घरों में कृत्रिम घोंसले लगाने, पानी के पात्र रखने और अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सीमा वासनिक ने बताया कि शहरीकरण, मोबाइल टावरों का बढ़ता प्रभाव और प्राकृतिक आवास की कमी गौरैया के अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे संरक्षण के लिए छोटे-छोटे कदम अवश्य उठाएं। कार्यक्रम के दौरान इको क्लब द्वारा गौरैया संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई और छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया। भानेश साकुरे / 23 मार्च 2026