:: अमेच्योर और सरताज अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन, लीग कम नॉकआउट आधार पर हो रहे मुकाबले :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के अमेच्योर बैडमिंटन एकेडमी और सरताज अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दूसरी अंतर अकादमी बैडमिंटन स्पर्धा अब अपने निर्णायक दौर में पहुँच गई है। इस स्पर्धा में ओमिशा मेहता, आरिशा जायसवाल, आर्य बम और किआरा दासगुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो आयु वर्गों के फाइनल में जगह बनाकर अपनी खिताबी दावेदारी मजबूत की है। ओमिशा मेहता और आरिशा जायसवाल ने 13 और 15 वर्ष बालिका वर्ग के खिताबी मुकाबलों में प्रवेश किया है, जबकि आर्य बम ने 15 और 17 वर्ष बालक वर्ग के फाइनल में जगह बनाई है। इसी तरह किआरा दासगुप्ता ने भी 9 और 11 वर्ष बालिका एकल के दो-दो फाइनल में स्थान पक्का किया है। अमेच्योर बैडमिंटन एकेडमी में जारी इस स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबलों में प्रनमय तारे ने निश्चय कुशवाह को 15-10, 15-11 से और अदविक सोलंकी ने जसराज सिंह छाबड़ा को 15-11, 15-8 से हराकर 11 वर्ष बालक वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया। 13 वर्ष बालक एकल में अर्णव गौर ने अरिंजय कृष्ण बिंजु को 15-7, 15-3 से और आरुष आर्य ने अदविक सोलंकी को रोमांचक मुकाबले में 15-9, 9-15, 15-8 से पराजित किया। बालिका वर्ग में याशी भुमार्कर ने नयोनिका नरवाले को 15-3, 15-3 से और किआरा दासगुप्ता ने काशी कुशवाह को 15-0, 15-2 से हराकर फाइनल का रास्ता तय किया। 17 वर्ष बालिका वर्ग के खिताबी मुकाबले में दिव्या गुर्जर और वैष्णवी मिश्रा के बीच भिड़ंत होगी। वहीं 15 वर्ष बालक सेमीफाइनल में आर्य बम ने शिवांश शर्मा को 15-0, 15-2 से और अक्षत सिन्हा ने आरुष आर्य को 15-6, 15-11 से पराजित किया। स्पर्धा में बड़ा उलटफेर सरताज अकादमी के शिवांश शर्मा ने किया, जिन्होंने लीग मैच में अरिंजय कृष्ण बिंजु को 12-15, 15-10, 15-10 से हराया। मुख्य निर्णायक धर्मेश यशलहा ने जानकारी दी कि सभी मुकाबले योनेक्स फेदर शटलकॉक से खेले जा रहे हैं और विजेताओं के साथ-साथ तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रकाश/23 मार्च 2026