राष्ट्रीय
24-Mar-2026


-ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले न करने का किया ऐलान नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग को लेकर बातचीत की कोशिशें तेज हुई हैं लेकिन हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर प्रस्तावित हमलों को पांच दिनों तक रोकने का एलान किया है। ताजा घटनाक्रम में इजराइल ने कहा है कि ईरान मिसाइलें दाग रहा है। वहीं कुवैत ने भी ड्रोन हमलों का दावा किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली सेना ने मंगलवार सुबह देश के नागरिकों के लिए एक आपातकालीन चेतावनी जारी की है। इजराइली सेना ने कहा है कि ईरान की ओर से उसके क्षेत्र की तरफ और मिसाइलें दागी गई हैं, जिससे चल रहे संघर्ष में तनाव का एक और दौर शुरू हो गया है। एक संक्षिप्त बयान में सेना ने पुष्टि की कि उसके हवाई रक्षा तंत्र आने वाली मिसाइलों को रोकने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच कुवैती सेना ने कहा है कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है और लोगों से अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। ईरान की समाचार एजेंसी ने प्रमुख ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर नए हवाई हमलों की खबर दी है, जिससे पहले से ही अस्थिर स्थिति में अनिश्चितता की एक और परत जुड़ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार तड़के दो अलग-अलग ऊर्जा स्थलों को निशाना बनाया गया। ये हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की अपनी समय सीमा बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला करने से पांच और दिनों तक रुका रहेगा। सिराज/ईएमएस 24मार्च26