जम्मू,(ईएमएस)। नवरात्रि के पावन अवसर पर वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तगण माता के दर्शन कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक तीर्थयात्रियों की संख्या में इस बार वृद्धि देखी जा रही है। इसके बावजूद यात्रा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। कटरा स्थित बेस कैंप से लेकर भवन तक जाने वाला पूरा मार्ग श्रद्धालुओं से भरा है। प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आवागमन और ठहरने की व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़ को देखते हुए 21 मार्च की शाम को यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को रोकना पड़ा था। हालांकि स्थिति सामान्य होते ही 22 मार्च की सुबह से रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ सकती है, जिसे ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त प्रबंध किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान तय दिशा-निर्देशों का पालन करें और सहयोग करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम दर्शन का लाभ मिल सके। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर देशभर से श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण है। सिराज/ईएमएस 24मार्च26 -------------------------------