राष्ट्रीय
24-Mar-2026


-कुलसचिव, वित्त पदाधिकारी और परीक्षा नियंत्रक बदले; नए अधिकारियों को तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश मधेपुरा,(ईएमएस)। बिहार के भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्यपाल सचिवालय के निर्देश पर विश्वविद्यालय के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, कुलसचिव डॉ. अशोक कुमार ठाकुर, वित्त पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह और परीक्षा नियंत्रक डॉ. शंकर कुमार मिश्रा को पदमुक्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई राज्यपाल सचिवालय के निर्देश पर की गई है। राज्यपाल-सह-कुलाधिपति के प्रधान सचिव डॉ. राबर्ट एल. चोंगथू ने इस संबंध में चार अलग-अलग पत्र जारी किए हैं। इनमें प्रशासनिक हितों को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से बदलाव लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। नए नियुक्तियों के तहत, डॉ. अशोक कुमार सिंह को विश्वविद्यालय का नया कुलसचिव बनाया गया है। वे सहरसा स्थित एसएनएस आरकेएस कॉलेज के भूविज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं। उन्हें जल्द से जल्द पदभार ग्रहण करने को कहा गया है। वहीं, सेवानिवृत्त अधिकारी कृष्ण कुमार को नया वित्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे बीएसएनएल बिहार सर्कल, पटना में सीएओ (एलए) के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। इसके अलावा, डॉ. अरुण कुमार झा को परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे आरएम कॉलेज, सहरसा के भौतिकी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। सभी नए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस अचानक हुए प्रशासनिक फेरबदल को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार और पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 24मार्च26