राष्ट्रीय
24-Mar-2026
...


-बोले- विदेश नीति बनी ‘निजी पॉलिसी’ -गंभीर आरोप लगा कहा- आने वाले समय में बढ़ेंगी आर्थिक चुनौतियां नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की विदेश नीति पर तीखा हमला बोला है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि देश की विदेश नीति अब “प्रधानमंत्री की निजी नीति” बनकर रह गई है, जिससे भारत की वैश्विक स्थिति प्रभावित हो रही है। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री “कमजोर” हैं, तो देश की विदेश नीति भी कमजोर हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की नीति अब स्वतंत्र नहीं रह गई है और अमेरिका तथा इजरायल के प्रभाव में काम कर रही है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मौजूदा हालात केवल शुरुआत हैं और आने वाले समय में देश को कई आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पेट्रोल, एलपीजी और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका जताई। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के हालिया भाषण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह “गैर-प्रासंगिक” था और उसमें देश के सामने मौजूद वास्तविक चुनौतियों का समाधान नहीं दिखा। उन्होंने कोविड काल का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों की भी आलोचना की और कहा कि उस समय की त्रासदी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ट्रांसजेंडर संशोधन विधेयक का विरोध इसके अलावा, भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा लाए गए ट्रांसजेंडर संशोधन विधेयक का भी राहुल गांधी ने विरोध किया। उन्होंने इसे ट्रांसजेंडर समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और पहचान पर हमला बताया। राहुल गांधी ने ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद कहा कि यह विधेयक सुप्रीम कोर्ट के फैसलों की भावना के खिलाफ है और इससे समुदाय के अधिकार सीमित हो सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाएगी। हिदायत/ईएमएस 24मार्च26