-पाकिस्तान को ले डूबी सेना, चार सालों में भारत ने चीन की जगह ले ली इस्लामाबाद,(ईएमएस)। अमेरिका के सीनियर पत्रकार, लेखक और जियो-पॉलिटिकल एक्सपर्ट फरीद जकारिया ने एक कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान के बीच डेवलपमेंट की तुलना की। उन्होंने कहा है कि भारत के मुख्य निर्यात आमतौर पर रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पाद, जैसे डीजल और कृषि और उससे जुड़े सामान होते थे, लेकिन अब स्मार्टफोन भारत के सबसे बड़े एकल मर्चेंडाइज निर्यात के तौर पर उभरे हैं। उन्होंने कहा है अभी सिर्फ 10 साल पहले ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में पाकिस्तान शायद भारत से 50 पॉइंट आगे था, लेकिन पाकिस्तान पूरी तरह से अव्यवस्थित है और देश पर सेना का कब्जा है। यह समस्या कभी हल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भारत में जहां समाजवाद के मॉडल पर 1970 के दशक में काम हो रहा था वहीं पाकिस्तान में हमेशा से बिजनेस के लिए दोस्ताना माहौल था और हालिया वर्षों तक उसका असर दिखा है जब सिर्फ 10 साल पहले तक वर्ल्ड बैंक के मुताबिक ईज ऑफ डुइंग बिजनेस में शायद भारत से उसके 50 प्वाइंट ज्यादा थे। जकारिया ने कहा कि पाकिस्तान का सिस्टम, वहां की सरकार और संस्थाएं सही तरीके से काम नहीं कर रही हैं। कानून सिर्फ कागजों पर रह गए हैं और जमीन पर भ्रष्टाचार या अव्यवस्था का बोलबाला है। उन्होंने संकेतों में कहा कि पाकिस्तान की सेना ने देश पर नियंत्रण कर रखा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जकारिया ने कहा कि अगर आप में से किसी की जेब में लेटेस्ट आईफोन-17 है तो वह भारत में बना है। अब सभी स्मार्टफोन का करीब 25फीसदी और सभी आईफोन का लगभग 50फीसदी भारत में बनता है। उन्होंने इस बदलाव की रफ्तार पर जोर देते हुए कहा कि इसकी सबसे खास बात यह है कि खासकर आईफोन के मामले में। अगर आप चार साल पीछे जाएं तो भारत में एक भी आईफोन नहीं बनता था। असल में भारत ने सिर्फ चार सालों में ही अमेरिका के लिए स्मार्टफोन बनाने वाले मुख्य देश के तौर पर चीन की जगह ले ली है। यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में पहले लोग मानते थे कि सिर्फ चीन ही ऐसा कर सकता है, यानी बड़े पैमाने पर बहुत ही बारीकी से चीजे बनाना, लेकिन भारत ने ऐसा सिर्फ चार सालों में ही कर दिखाया। बता दें 2025 में स्मार्टफोन आधिकारिक तौर पर देश की सबसे बड़ी एक्सपोर्ट कैटेगरी बन गए हैं और उन्होंने एक्सपोर्ट कैटेगरी के पारंपरिक दिग्गजों जैसे ऑटोमोटिव डीजल फ्यूल और तराशे हुए हीरों को पीछे छोड़ दिया है। सिराज/ईएमएस 24मार्च26