अंतर्राष्ट्रीय
25-Mar-2026
...


माल्टा (ईएमएस)। यूरोप के छोटे से देश माल्टा ने ट्रैफिक जाम और बढ़ते प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए एक ऐसी क्रांतिकारी योजना पेश की है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि कोई सरकार आपको अपना ड्राइविंग लाइसेंस सरेंडर करने के बदले लाखों रुपये दे सकती है? माल्टा के परिवहन मंत्रालय ने ड्राइविंग लाइसेंस सरेंडर स्कीम लॉन्च की है, जिसके तहत युवाओं को अपनी कार छोड़ने के लिए भारी-भरकम प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। परिवहन मंत्री क्रिस बोनेट के अनुसार, इस योजना का मुख्य उद्देश्य मोबिलिटी शॉक पैदा करना है, ताकि नई पीढ़ी में निजी वाहन चलाने की आदत को कम किया जा सके। इस कार्यक्रम के अंतर्गत, 30 वर्ष या उससे कम उम्र के चालक यदि स्वेच्छा से अपना लाइसेंस सौंपते हैं और अगले पांच साल तक गाड़ी नहीं चलाने का संकल्प लेते हैं, तो सरकार उन्हें 25,000 यूरो (लगभग 26 लाख रुपये) का भुगतान करेगी। यह राशि 5,000 यूरो की वार्षिक किश्तों में दी जाएगी। हालांकि, इसके लिए कुछ कड़ी शर्तें भी रखी गई हैं। आवेदक कम से कम सात साल से माल्टा का निवासी होना चाहिए और उसके पास न्यूनतम एक वर्ष से वैध लाइसेंस होना अनिवार्य है। यदि कोई व्यक्ति पांच साल की अवधि पूरी होने से पहले अपना मन बदलता है, तो उसे प्राप्त राशि आनुपातिक आधार पर सरकार को लौटानी होगी।माल्टा सरकार ने इस योजना के लिए सालाना 5 मिलियन यूरो का बजट आवंटित किया है, जिससे हर साल लगभग 1,000 युवाओं को लाभ मिल सकेगा। एक बार लाइसेंस सरेंडर करने के बाद उसे स्थायी रूप से निलंबित माना जाएगा। यदि पांच साल बाद कोई व्यक्ति दोबारा लाइसेंस चाहता है, तो उसे अनिवार्य रूप से 15 घंटे की ड्राइविंग क्लास लेनी होगी। हालांकि आलोचकों का तर्क है कि साढ़े चार लाख से अधिक वाहनों वाली सड़कों से मात्र एक हजार ड्राइवरों को हटाना ऊंट के मुंह में जीरे के समान है, लेकिन सरकार इसे भविष्य के निवेश के रूप में देख रही है। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक परिवहन के प्रति प्रोत्साहित करना और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाना है। वीरेंद्र/ईएमएस 25 मार्च 2026