अंतर्राष्ट्रीय
25-Mar-2026
...


बीजिंग,(ईएमएस)। तकनीकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे चीन ने अब कृषि क्षेत्र में भी हाई-टेक समाधान अपनाना शुरू कर दिया है। हुबोई प्रांत के चाय बागानों में इंसानी आकार के ह्यूमनॉइड रोबोट चाय की पत्तियां तोड़ते नजर आ रहे हैं। इन रोबोट्स का उपयोग श्रमिकों की कमी को पूरा करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल कृषि क्षेत्र में ऑटोमेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। चीन में पहले ही यूनिट्री, गैलबॉट, नोएटिक्स और मैजिकलैब जैसी प्रमुख रोबोटिक्स कंपनियां सक्रिय हैं, जो लगातार नई तकनीकों का विकास कर रही हैं। देश में 150 से अधिक ह्यूमनॉइड रोबोट कंपनियों का उभरना इस क्षेत्र में तेजी से बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है। सरकार और निजी निवेशकों द्वारा इस सेक्टर में अरबों डॉलर का निवेश किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में कृषि उत्पादन में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद है। हालांकि, विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि इससे पारंपरिक श्रमिकों के रोजगार पर असर पड़ सकता है, जिसे संतुलित करना एक बड़ी चुनौती होगी। हिदायत/ईएमएस 25मार्च26