कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर के जाली हस्ताक्षर से शातिरों ने रकम निकाली - पांच फर्म संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में बैखौफ जालसाजो द्वारा ठगी किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहॉ एक सरकारी खाते से 2 करोड़ 26 रुपये की ठगी कर ली गई। हैरानी वाली बात यह है की जालसाजों ने किसी और के नहीं बल्कि भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे के फर्जी हस्ताक्षर के जरिये जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) के एकाउंट से रकम निकाल ली। बाद में जानकारी लगने पर डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे ने 17 मार्च को इसकी शिकायत की। जिसके आधार पर क्राइम ब्रांच ने पांच फर्म संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। उनके अनुसार, बैंक ऑफ इंडिया सैफिया कॉलेज ब्रांच स्थित डूडा खाते से 9 मार्च 2026 को पांच चेक के जरिए 2 करोड़ 26 लाख 71 हजार रुपए निकाले गए। जांच में सामने आया कि चेक पर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर के हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी थे। यही नहीं, शातिर आरोपियों ने 5 मार्च को कलेक्टर के लेटरहेड पर फर्जी आवेदन देकर खाते से मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भी लिंक करवा ली थी। इस पर भी फर्जी हस्ताक्षर और सील का प्रयोग किया गया। कुटरचित तरीके से निकाली गई यह रकम एनएस इंटरप्राइजेज, ब्लेक आई, राजकुमार इंटरप्राइजेज, दास इंटरप्राइजेज और मनी इंटरप्राइजेज के खातों में ट्रांसफर की गई। मामले में पुलिस आगे की जॉच करते हुए बैंक से सारे रिकार्ड तलब करते हुए अन्य बिंदुओ की भी पड़ताल कर रही है, जिसके आधार पर जल्द ही आरोपियो के खिलाफ शिकंजा कसा जायेगा। जुनेद / 25 मार्च