मुरैना ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश शासन द्वारा आबकारी नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अब मदिरा दुकानों के निष्पादन हेतु समूहों के साथ-साथ एक-एक दुकान के लिए भी अलग से टेंडर आमंत्रित किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय प्रतिस्पर्धा बढ़ाने एवं अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी जितेन्द्र सिंह गुर्जर ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मदिरा दुकानों एवं समूहों के निष्पादन हेतु ई-टेंडर एवं ई-टेंडर-कम-ऑक्शन प्रक्रिया दिनांक 27 मार्च 2026 को संपन्न की जाएगी। इस प्रक्रिया के अंतर्गत निष्पादन से शेष रही कुल 26 मदिरा दुकानों के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इनमें जौरा क्रमांक 1 एवं 2, परसोटा, सबलगढ़ क्रमांक 2, बधरेटा, कैलारस क्रमांक 1 एवं 2, सुजरमा, कन्हार, मुरैना क्रमांक 1, 2, 3 एवं 5, गोपीनाथ की पुलिया, बड़ोखर क्रमांक 1, वनखंडी रोड, अंबाह क्रमांक 1, 2 एवं 3, वित्त का पुरा, रछेड़, पोरसा क्रमांक 1, 2 एवं 3 तथा घड़िया पोरसा सहित अन्य स्थान शामिल हैं। इसी प्रकार, उक्त सभी स्थानों के लिए व्यक्तिगत (एकल) दुकानों पर भी टेंडर आमंत्रित किए गए हैं, जिससे इच्छुक आवेदकों को अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे और प्रतिस्पर्धी दरों पर निष्पादन संभव हो सकेगा।