सांसद प्रतिनिधि द्वारा बनाई सडक़ की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल,जगह-जगह चली दरार और उड़ रहे धुल के गुबार अशोकनगर (ईएमएस)। करीब 11 माह पहले ग्राम पंचायत बरखेड़ा जागीर के अंतर्गत आने वाली डाइट प्रशिक्षण केन्द्र के पास एक सडक़ का निर्माण किया गया था। सडक़ का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग अशोकनगर द्वारा कराया गया था। 16 लाख 54 हजार रुपये की इस सीसी सडक़ की हालत इस समय काफी जर्जर हो चुकी है जबकि इस सडक़ का निर्माण हुए अभी एक साल भी पूरा नहीं हो पाया है। महज एक साल के भीतर ही सडक़ जगह-जगह से चटकने लगी है। सडक़ की सतह पर दरारें साफ दिखाई दे रही हैं और कई स्थानों पर गिट्टी बाहर आने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहा है। उक्त सडक़ का निर्माण वर्ष 2024-25 में खनिज प्रतिष्ठान मद से 16.54 लाख रुपए की स्वीकृति के साथ कराया गया था। 7 अप्रैल 2025 को इस कार्य की पूर्णता दर्ज की गई थी। निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग अशोकनगर रही, जबकि ठेकेदार के रूप में मेसर्स भारिल्ल एंड कम्पनी द्वारा कार्य किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ पर भारी वाहनों का दबाव भी नहीं है, इसके बावजूद इतनी जल्दी सडक़ का खराब होना चिंताजनक है। यहां मुख्य रूप से शिक्षक, छात्र और हल्के वाहन ही आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद सडक़ की स्थिति यह दर्शाती है कि निर्माण में कहीं न कहीं लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। इस मामले में जब आरईएस विभाग के एसडीईओ महेंद्र बुद्ध से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि सडक़ की लंबाई लगभग 190 मीटर है और मामला बहुत बड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को सुधार कार्य के निर्देश दे दिए गए हैं। यदि समय पर सुधार नहीं किया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी जमा सिक्योरिटी राशि से कार्य करवाया जाएगा। वहीं, जब इस संबंध में ठेकेदार संजीव जैन से बात की गई तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि यह छोटी सडक़ है और लगभग 13 लाख रुपए की लागत से करीब दो साल पहले बनाई गई थी। उन्होंने दावा किया कि सडक़ अभी गारंटी अवधि में है और यदि कहीं खराबी आई है तो उसे तोडक़र दोबारा बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार नीचे की जमीन के सेटल होने या पुलिया के पास भारी वाहन गुजरने से इस तरह की समस्या आ जाती है, जिसे मेंटेनेंस के जरिए ठीक किया जाएगा। हालांकि, सवाल यह उठता है कि जब सडक़ अभी गारंटी अवधि में है और उपयोग भी सीमित है, तो इतनी जल्दी उसकी स्थिति खराब क्यों हो गई? ठेकेदार हैं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सांसद प्रतिनिधि: डाइट प्रशिक्षण केन्द्र ग्राम पथरिया में सीमेंट कांक्रीट सडक़ निर्माण का काम मेसर्स भारिल्ल एण्ड कंपनी द्वारा किया गया है जिसके प्रोपराइटर संजीव जैन हैं। संजीव जैन भारिल्ल क्षेत्रीय सांसद और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सांसद प्रतिनिधि भी हैं। संभवत: इसी कारण उनका कहना है कि आज तक मुझसे इतने सवाल किसी ने नहीं किए जितने आप कर रहे हैं। चर्चा है कि सांसद प्रतिनिधि की ओट में उन्होंने इस तरह का घटिया निर्माण किया है क्योंकि उन्हें पूरा भरोसा है कि घटिया निर्माण की जांच करने की हिमाकत अधिकारी नहीं कर पाएंगे और न ही कोई घटिया निर्माण की शिकायत करेगा भले ही सडक़ कुछ ही महीनों में अपनी दुर्दशा पर आंसू बहाती रहे। इनका कहना: सडक़ करीब 190 मीटर की है और मामला ज्यादा बड़ा नहीं है। ठेकेदार को सुधार के निर्देश दिए गए हैं, समय पर काम न होने पर सिक्योरिटी राशि से कार्य कराते हुए कार्रवाई की जाएगी। महेंद्र बुद्ध एसडीईओ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा यह करीब 13 लाख की लागत से दो साल पहले बनी छोटी सडक़ है और अभी गारंटी में है। कहीं खराबी होने पर उसे सुधार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमीन के बैठने या भारी वाहनों के कारण समस्या आई हो सकती है, जिसे मेंटेनेंस से ठीक किया जाएगा। संजीव जैन भारिल्ल ठेकेदार सांसद प्रतिनिधि ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 25 मार्च 2026