इन्दौर (ईएमएस) स्थानीय वल्लभनगर कॉम्पलेक्स मैदान पर तीन दिवसीय संध्या कालीन जिला स्तरीय कबड्डी स्पर्धा कल 27 मार्च से संस्था श्री योगेश्वर द्वारा आयोजित की जा रही है। 29 मार्च तक आयोजित इस स्पर्धा के बारे में जानकारी देते संस्था श्री योगेश्वर के संयोजक एवं निगम एमआईसी मेंबर नंदकिशोर पहाड़िया, अध्यक्ष गोविंद सिंह गेहलोत, राजू साहूकार ने बताया कि स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने के लिए संस्था यह कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित कर रही है जो कि मध्य प्रदेश अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन के नियम अनुसार मेट पर खेली जाएगी। प्रतियोगिता ओपन जिला स्तरीय रहेगी जिसमें महिला पुरुष दोनों भाग ले सकते हैं। आज की आधुनिक पीढ़ी के लिए एक अनोखा आयोजन है जिसमें आजकल के नौजवानों को जो पश्चिमी संस्कृति की तरफ जा रहे हैं उन्हें अपने स्वदेशी खेलों की जानकारी व अपनी भारतीय सभ्यता को दर्शाने के लिए यह आयोजन किया गया है। इस कबड्डी स्पर्धा को देखने के लिए महिला व पुरुषों को बैठने की अलग-अलग व्यवस्थाएं भी समिति द्वारा की जा रही है पूरे आयोजन स्थल को केसरिया ध्वज से सजाया गया है। आनंद पुरोहित/ 25 मार्च 2026