राज्य
25-Mar-2026


प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला को समय पर दिलाई मदद भोपाल (ईएमएस)। गुना जिले के थाना म्याना क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्परता और संवेदनशीलता से प्रसव पीड़ा से पीड़ित एक महिला को समय पर सहायता प्रदान की गई। देर रात आपात स्थिति में जब कोई अन्य साधन उपलब्ध नहीं था, तब डायल-112 टीम ने मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए गर्भवती महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना म्याना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लहार कोटा में एक महिला को असहनीय प्रसव पीड़ा हो रही है और तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही म्याना थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुँचकर आरक्षक श्री अमनप्रीत चीमा एवं पायलट विवेक रघुवंशी ने पाया कि महिला प्रसव पीड़ा में थी तथा चिकित्सा वाहन व्यस्त होने के कारण तत्काल कोई अन्य साधन उपलब्ध नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 जवान महिला को परिजनों के साथ एफआरव्ही वाहन में बैठाकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। रास्ते में डुंगासरा चौराहे के पास महिला को अत्यधिक पीड़ा होने पर परिजनों की सहायता से सुरक्षित प्रसव कराया। इसके पश्चात डायल-112 टीम ने महिला एवं नवजात बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्याना पहुँचाकर भर्ती कराया। डायल-112 जवानों की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से माँ और नवजात को समय पर सुरक्षित उपचार मिल सका। डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में विशेष रूप से महिला एवं शिशु सुरक्षा के लिए सदैव सजग, संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। हरि प्रसाद पाल / 25 मार्च, 2026