राज्य
25-Mar-2026


अलीगढ़ (ईएमएस)। थाना खैर क्षेत्र के गांव बरका में टेंपो हटाने को लेकर एक ही बिरादरी के दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर दस लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर कार्यवाही की हैं। प्रथम पक्ष के जगदीश के अनुसार, उसका भतीजा टेंपो चलाता है। शाम को जब वह घर लौटा तो रास्ते में प्रीतम पक्ष का टेंपो खड़ा था। आरोप है कि टेंपो हटाने को कहने पर प्रीतम, केहरी, देवेंद्र, दीपक, किशनलाल और अन्य लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पंकज, सीताराम, राजवती और लोकेश को भी नहीं बख्शा गया। वहीं दूसरे पक्ष के प्रीतम का कहना है कि उसका टेंपो पहले से ही घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान जगदीश का भतीजा टेंपो लेकर निकल रहा था और उसने टक्कर मार दी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि उनके पक्ष की महिलाओं रूबी, काजल और गीता के साथ भी हाथापाई की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गंभीर रूप से घायल किशन लाल, सुभाष और देवेंद्र को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया। साथ ही दोनों पक्षों के टेंपो को कब्जे में लेकर कोतवाली ले जाया गया। खैर के क्राइम इंस्पेक्टर रितेश कुमार ने बताया कि मामला मारपीट का है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर गुन्नी पुत्र शौदान सिहं निवासी ग्राम बरका थाना खैर,रवि पुत्र नन्ने सिहं निवासी ग्राम बरका थाना खैर,लाखन पुत्र शिव सिंह निवासी ग्राम बरका थाना खैर,लवकुश पुत्र चरण सिंह निवासी ग्राम बरका थाना खैर,लखपत पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम बरका थाना खैर,रंजीत पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम बरका थाना खैर ,चरण सिंह पुत्र लच्छी राम निवासी ग्राम बरका थाना खैर,श्रीराम पुत्र लच्छीराम निवासी ग्राम बरका थाना खैर ,सूरज पुत्र किशनलाल निवासी ग्राम बरका थाना खैर केहरी पुत्र रामजीलाल निवासी ग्राम बरका थाना खैर आदि को गिरफ्तार किया गया है। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 25 मार्च 2026