* 30 का बिल हुआ कम कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत पाली ब्लाक के ग्रामो में बिजली विभाग द्वारा बिजली बिल समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम रजकम्मा मदनपुर में भी शिविर लगाया गया, जिसमें 60 उपभोक्ताओं ने आवेदन दिए। इनमें से 30 उपभोक्ताओं का बिजली बिल कम किया गया और उन्होंने जमा भी कर दिया। जबकि 30 उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। ग्रामीणों का आरोप लगाते हुए कहना है कि शिविर में जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं थे, जिसके कारण अधिकतर समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली बिल की गड़बड़ी, अघोषित कटौती सहित कई समस्याएं बनी हुई हैं। अधिकारी मौके पर नहीं रहने से इन समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाता। ग्राम चैतमा में बिजली कार्यालय और सब स्टेशन खुले हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन यहां कनिष्ठ यांत्रिक की पदस्थापना अब तक नहीं हुई है। 60 से 70 ग्रामो की बिजली व्यवस्था देखने के लिए पर्याप्त कर्मचारी भी नहीं है। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। इससे उपभोक्ताओं की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और उन्हें अपनी शिकायतों के लिए पाली जाना पड़ता है। 26 मार्च / मित्तल