राज्य
26-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दो तीन दिन से दोबारा गर्म हो रहा दिल्ली का मौसम गुरुवार को फिर करवट ले लेगा। दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ धूल भरी आंधी और हल्की वर्षा होने के भी आसार है। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री जबकि अधिकतम 34 डिग्री रहने की संभावना है। इस बीच बुधवार को तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 94 से 33 प्रतिशत रिकार्ड हुआ। सबसे कम अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री मुंगेशपुर जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री लोधी रोड एवं आयानगर में रहा। स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा इस मार्च में असामान्य वर्षा देखी गई है। आमतौर पर इस महीने में मानसून से पहले की छिटपुट बौछारें ही होती हैं, लेकिन इस बार कई बार वर्षा हुई है। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ की एक श्रृंखला है, जिनमें से एक 15 मार्च से सक्रिय है और सामान्य से कम ऊंचाई पर आ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ ने मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी हरियाणा के आसपास के हिस्सों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनाया है। इसके परिणामस्वरूप ही गुरुवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं, हल्की वर्षा और धूल भरी आंधी आने की संभावना है। हालांकि इस प्रणाली का तापमान पर तत्काल कोई खास असर नहीं पड़ेगा, लेकिन महीने के अंत तक इसका अधिक स्पष्ट प्रभाव देखने को मिलेगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/ मार्च/2026