नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा में आप नेताओं द्वारा स्कूली छात्राओं को लेकर दिए गए कथित बयान पर भारी विरोध हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की साइकिल और लैपटॉप योजना पर सौरभ भारद्वाज की टिप्पणी को भाजपा ने बेटियों का अपमान बताया। भाजपा विधायकों ने सार्वजनिक माफी और सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा विधायकों ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीतिक विरोध के नाम पर देश की बेटियों की गरिमा तक को ठेस पहुंचाई जा रही है। विधायक सतीश उपाध्याय ने इस विषय को उठाते हुए कहा कि यह केवल एक बयान का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह महिलाओं और बेटियों के प्रति आम आदमी पार्टी की सोच और मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से दिल्ली की स्कूली बच्चियों को लेकर टिप्पणी की गई, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि यह देश की बेटियों का सीधा अपमान है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/ मार्च/2026