राज्य
26-Mar-2026
...


- भाजपा ने कांग्रेस कार्यकारिणी में महिलाओं की जीरो मौजूदगी पर उठाए सवाल इन्दौर (ईएमएस) शहर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित होने के बाद शहर की राजनीति में उबाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को एक खुला पत्र लिखकर कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता पर तीखा हमला बोला है। सुमित मिश्रा ने अपने सोशल अकाउंट (X/ट्विटर) पर साझा किए गए अपने पत्र में आरोप लगाया कि इंदौर शहर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में एक भी महिला को पदाधिकारी के रूप में स्थान नहीं दिया गया है। उन्होंने इसे प्रियंका गांधी के प्रसिद्ध नारे लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ का खुला अपमान बताया। मिश्रा ने पत्र में लिखा कि जिस इंदौर की पहचान माता अहिल्याबाई होलकर जैसी महान महिला शासक से है, वहाँ की कांग्रेस कार्यकारिणी में सक्षम महिला नेत्रियों की उपेक्षा करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने लगभग 20 ऐसी कांग्रेस महिला नेताओं के नामों का उल्लेख किया जो नेतृत्व करने के काबिल हैं, लेकिन उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। ज्ञात हो कि हाल ही में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे द्वारा घोषित शहर कांग्रेस की 52 सदस्यीय टीम में महिलाओं की अनुपस्थिति विवाद का केंद्र बनी हुई है। वहीं भाजपा ने इस विवाद में यह भी मुद्दा उठा दिया कि इंदौर में शहर अध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद एक ही व्यक्ति के पास हैं, जिससे अन्य कार्यकर्ताओं, विशेषकर महिलाओं के लिए अवसर सीमित हो गए हैं। सुमित मिश्रा ने अपने बयानों में कहा कि लाड़ली बहना जैसी योजनाओं का विरोध करते-करते कांग्रेस स्वयं महिला विरोधी बन गई है। वहीं इस विवाद को बढ़ता देख कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने सफाई देते हुए कहा है कि महिलाओं को वार्ड और ब्लॉक स्तर पर जोड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राजीव विकास केंद्र के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और आने वाले समय में अन्य नियुक्तियों में भी उन्हें उचित स्थान दिया जाएगा। फिलहाल सुमित मिश्रा की इस चिट्ठी ने प्रियंका गांधी को सीधे तौर पर इस विवाद में खींच लिया है। अब देखना यह होगा कि राष्ट्रीय स्तर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है। आनंद पुरोहित/ 26 मार्च 2026