नई दिल्ली (ईएमएस)। मार्च के अंतिम सप्ताह में वित्तीय वर्ष के समापन के साथ बैंक चार दिन बंद रहेंगे। रामनवमी, महावीर जयंती और सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण 26 से 31 मार्च के बीच केवल 30 मार्च को ही बैंक खुलेंगे। मार्च के अंतिम सप्ताह में बैंकों पर काम का दवाब होता है, कयोंकि वित्त वर्ष खत्म हो रहा होता है। इसके साथ ही इस बार बैंकों और बैंकिंग सेवाओं को लेकर हालात थोड़े और चुनौती भरे हो गए हैं। मार्च क्लोजिंग के साथ रामनवमी और वीकेंड की छुट्टियां भी आ गई हैं। ऐसे में अगर आपने अपने बैंक से जुड़े जरूरी काम समय पर नहीं निपटाए, तो अब आपका इंतजार लंबा हो सकता है। 1 अप्रैल से वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत हो जाएगी, इसलिए 31 मार्च तक टैक्स, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों से जुड़े कामों का रिकाॅर्ड पूरा करना जरूरी होता है। हालांकि इसी दौरान राम नवमी, महावीर जयंती और वीकेंड के कारण बैंक चार दिन तक बंद रहने वाले हैं। इस बार राम नवमी की तिथि को लेकर राज्यों में अंतर है। भारतीय रिजर्व बैंक की अवकाश सूची के अनुसार अलग-अलग राज्यों में बैंक अलग-अलग दिन बंद रहेंगे। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत अधिकांश राज्यों में 26 मार्च को राम नवमी के अवसर पर बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 27 मार्च (शुक्रवार): बिहार, ओडिशा और सिक्किम में राम नवमी (चैते दशैं) का पर्व 27 मार्च को मनाया जाएगा, इसलिए इन राज्यों में शुक्रवार को बैंक अवकाश रहेगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/ मार्च/2026