झाँसी(ईएमएस )नगर निगम की बैठक में मूल बजट पर चर्चा होनी थी लेकिन यह बैठक पिछली बार की अनुपालन आख्या से उपजे मुद्दों में ही लटकर खत्म हो गई। यह बैठक लगभग 3 घंटे तक चली लेकिन मूल मुद्दे पर सिर्फ 12 मिनट ही चर्चा हो सकी। इस पूरी बैठक में पार्षदो ने तीखे सवाल किये इन सवालों को लेकर महापौर बिहार लाल आर्या ने मोर्चा खोल दिया। यह बैठक महापौर और नगर आयुक्त के बीच एक तीखी तकरार के रूप में बदल गई। महापौर ने पार्षदों के सवालों को लेकर नगर आयुक्त आकांक्षा राणा से सवाल किया इसको लेकर नगर आयुक्त और महा पौर के बीच की तकरार हुई। महापौर ने विकास कार्यों की क्रोस जांच करने पर कड़ी आपत्ति जताई। इस पर नगर आयुक्त ने जवाब देते हुए कहा कि अनावश्यक कार्यों पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है और उन्हें इसके सार्थक परिणाम भी सामने दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कई तर्क देकर अपने दावो को सही भी साबित करने की कोशिश की। नगर आयुक्त ने बताया कि क्रॉस चेक से ही पेंटिंग के बिल में लगभग 95 लाख रुपए की कटौती हो सकी इसी तरह कई बनी बनाई सड़कों पर दोबारा काम होने से रोका जा सका। इससे नगर निगम का काफी पैसा बचा है। पार्षदों ने 5 माह से विकास कार्य ठप होने पर तीखा प्रहार किया और टेंडर होने के बाद भी काम न होने के आरोप लगाए।निजी कॉलोनी के हैंडोवर व काम करने को लेकर भी पार्षदों ने अधिकारियों को घेरा। महापौर ने बताया कि जनहित के आवश्यक कार्यों को तेजी से कराया जाए उन्हें आवश्यक जांच में नहीं फसाया जाए। उन्होंने पार्षद निधि के कार्य 31 मार्च से पहले कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। विकास कार्यों को लेकर इस बैठक में उपसभापति आशीष तिवारी ने तीखा सवाल किया उन्होंने कुछ अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जल्द चुनाव आने वाले हैं क्या आप लोग इस कार्यशैली से चुनाव हरवाना चाहते हैं? पार्षद मुकेश सोनी ने नगर निगम की गौशाला में पल रहे गोवंश और दूध उत्पादन का भी हिसाब मांगा। पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दूध उत्पादन से हर माह 10 से ₹12000 की आय हो रही है जो नगर निगम में जमा कराई जा रही है। इस पर कटाक्ष करते हुए उप सभापति आशीष तिवारी ने कहा कि इतने पैसे का दूध तो एक घर में ही आ जाता है उन्होंने मात्र चार से पांच लीटर उत्पादित हो रहे दूध पर हैरानी जताई। पार्षद भरत सेन ने निजी कॉलोनी के हैंडोवर और वहां कराए जा रहे कार्यों को लेकर सवाल उठाए। लगभग ढाई घंटे के आरोप प्रत्यारोप के बाद लेखा अधिकारी ने मूल बजट पेश किया। पार्षद विकास खत्री व महेश गौतम ने आए हुए की कुछ बिंदुओं पर पड़ताल की जिसके बाद 490 करोड रुपए के बजट पर मोहर लगा दी गई है।इस दौरान यात्रा भत्ते में बढ़ोतरी का प्रयास किया गया लेकिन महापौर ने पुनरीक्षित बजट में ऐसा करने का आश्वासन दिया। बैठक में नगर निगम में सफाई कर्मचारी गार्ड व माली की नियुक्ति होगी, पार्षद निधि से 10 लाख रुपए के काम कराए जाएंगे,नई बस्ती में 5 माह से लटका कम 5 दिन में कराया जाएगा, सीपरी बाजार के तांगा स्टैंड से सब्जी वाले हटाए जाएंगे, महानगर की सड़कों से पोटा केबिन हटाये जाएगी कुछ इन मुद्दों पर सहमति बन गई। इस अवसर पर उप सभापति आशीष तिवारी महेश गौतम विकास खत्री दिनेश प्रताप सिंह एवं अन्य पार्षद गण तथा अपर नगर आयुक्त राहुल यादव अपर नगर आयुक्त रौली गुप्ता मुख्य अभियंता राजवीर सिंह वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर विनीत कुमार नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर धीरेंद्र गुप्ता अधिशासी अभियंता नीना सिंह जोन प्रभारी पांडे आदि उपस्थित रहे। सदन प्रभारी व पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने इस बैठक का संचालन किया।शरद शिवहरे /ईएमएस /26मार्च