राज्य
26-Mar-2026


* ‘वीबी-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन’ के तहत लोगो डिजाइन, वीडियो रील और ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताओं की नई तिथियां घोषित अहमदाबाद (ईएमएस)| भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय और ‘MY Bharat’ के संयुक्त तत्वावधान में चल रहा देशव्यापी डिजिटल अभियान “युवा शक्ति, पंचायत की प्रगति: वीबी-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन” तेजी से गति पकड़ रहा है। युवाओं के उत्साह को बढ़ाने और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिताओं की समयसीमा बढ़ा दी गई है। इस अभियान के अंतर्गत MyGov पोर्टल पर आयोजित लोगो डिजाइन प्रतियोगिता की अंतिम तिथि अब 4 अप्रैल 2026 कर दी गई है। वहीं, My Bharat पोर्टल पर ‘60 सेकंड फॉर माय विलेज’ रील्स चैलेंज की समयसीमा 5 अप्रैल तथा ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 7 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। इससे पहले इन प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथियां क्रमशः 20, 21 और 23 मार्च 2026 थीं। “विकसित भारत-जी राम जी – युवा शक्ति, पंचायत की प्रगति” के सूत्र के साथ शुरू किए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को ग्रामीण विकास से जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन को साकार करने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों को डिजिटल माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर भी प्रदान किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं का विवरण: लोगो डिजाइन प्रतियोगिता: विकसित भारत-जी राम जी एक्ट, 2025 के मिशन को दर्शाने वाला रचनात्मक लोगो तैयार करने का अवसर। वीडियो चैलेंज: अपने गांव की प्रगति और सुंदरता को 60 सेकंड की रील के माध्यम से प्रस्तुत करने का मंच। ऑनलाइन क्विज: ग्रामीण कानूनों और विकास योजनाओं से जुड़े ज्ञान को परखने का अवसर। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने सभी उत्साही युवाओं और नागरिकों से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। सतीश/26 मार्च