रायपुर(ईएमएस)। आबकारी विभाग में मैनपावर का ठेका एक ही एजेंसी को दिए जाने के आरोपों पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में राज्य में अराजकता और “क्रिमिनल सिंडिकेट” का माहौल बनाया था, इसलिए अब उन्हें हर जगह वही नजर आता है। साव ने स्पष्ट किया कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही सरकार में सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूरी तरह नियमों के तहत हो रही हैं। उन्होंने कांग्रेस से बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करने की नसीहत दी। महादेव सट्टा एप मामले में जारी कार्रवाई को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह सब जांच का हिस्सा है और अवैध संपत्तियों को जब्त करना भी उसी प्रक्रिया में शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने करप्शन के नए-नए तरीके अपनाए थे, जबकि वर्तमान सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही साइबर अपराधों से निपटने के लिए नए साइबर थाने खोलने की दिशा में भी काम जारी है। नक्सलवाद के मुद्दे पर साव ने कहा कि देश को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है और इस दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में विकास, खुशहाली और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। घड़ी चौक, तेलीबांधा, गौरव पथ और पंडरी में प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को भी साव ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं स्वीकृत हैं और राजधानी रायपुर में यातायात को सुगम बनाने के लिए सरकार ठोस योजना के साथ काम कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026