26-Mar-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के बीच आत्मसमर्पण का सिलसिला लगातार जारी है। पापा राव के बाद अब एक और बड़ी सफलता मिलने जा रही है, जहां 5 हथियारबंद नक्सली आत्मसमर्पण के लिए सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक, कांकेर जिले के उइकाटोला के जंगलों से ये नक्सली निकलकर एसपी कार्यालय पहुंच रहे हैं, जहां वे औपचारिक रूप से सरेंडर करेंगे। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में एसीएम मंगेश, एसीएम गणेश उइका, एसीएम राजे, एसीएम हिड़मे उर्फ जमाली और एसीएम मंगती शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी नक्सली इनामी हैं और अपने साथ एक एसएलआर और दो 303 राइफल जैसे हथियार भी लेकर आत्मसमर्पण के लिए आ रहे हैं। इन नक्सलियों के आत्मसमर्पण के साथ ही कांकेर जिले का मोहला-अवन्धी संयुक्त एरिया कमेटी नक्सल प्रभाव से लगभग मुक्त होने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता मान रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)26 मार्च 2026