नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में आप विधायकों ने निलंबन वापसी न होने पर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया, गैस सिलेंडर किल्लत और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर आतिशी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। आम आदमी पार्टी के विधायकों ने निलंबन वापस नहीं होने पर बजट सत्र के तीसरे दिन भी विधानसभा के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर बीजेपी सरकार के निकम्मेपन की पोल खोली। मंगलवार को जहां पालम अग्निकांड का मुद्दा उठाकर रेखा गुप्ता सरकार को कटघरे में खड़ा किया, वहीं बुधवार को गैस सिलेंडर किल्लत को लेकर केंद्र की मोदी सरकार की विफल विदेश नीति पर हमला बोला। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में सभी विधायकों ने गैस सिलेंडर का पम्पलेट्स लेकर पैदल मार्च किया और ‘नरेंद्र मोदी हुए सरेंडर, गायब हुआ गैस सिलेंडर’ के जमकर नारे लगाए। इस दौरान आतिशी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने ट्रंप के आगे सरेंडर कर दिया है और इसका खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है। दिल्ली समेत देश भर में गैस सिलेंडर के लिए लंबी- लंबी लाइनें लग रही हैं। आतिशी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उनकी 56 इंच की छाती है, लेकिन उन्होंने ट्रंप और अमेरिका के सामने सरेंडर कर दिया है। उनकी आवाज निकलनी बंद हो गई है और उसका खामियाजा दिल्ली वाले और देश की जनता भुगत रही है। आज पूरे देश में एक गैस सिलेंडर के लिए लंबी लंबी लाइनें लग रही हैं। पूरा देश यह जानना चाह रहा है कि 56 इंच की छाती वाले नरेंद्र मोदी कहां गए और आज आम लोग क्यों परेशान हो रहे हैं? आतिशी ने कहा इसी दिल्ली विधानसभा में बीजेपी ने वादा किया था कि होली और दिवाली पर फ्री सिलेंडर देंगे और कई बार इसकी घोषणा भी की गई। अब इनकी फ्री सिलेंडर की तरकीब समझ में आई है कि सिलेंडर को गायब ही कर दो, ताकि सब कुछ फ्री हो जाए और पैसे देने ही न पड़ें। जब सिलेंडर मिलेगा ही नहीं, तो सब कुछ ही फ्री हो गया। उन्होंने कहा कि बीजेपी वालों को सरकार चलानी नहीं आती है। केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री मोदी बिल्कुल फेल हैं। पीएम अमेरिका के आगे नतमस्तक हो गए हैं। उधर, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता एक लाख करोड़ रुपए के बजट से फायर विभाग को एक सीढ़ी नहीं दे पाईं। आतिशी ने कहा आज दिल्ली वाले बीजेपी से परेशान हैं। एक आम परिवार को बिजली चाहिए होती है लेकिन पावर कट हो रहे हैं। पानी चाहिए होता है जो गंदा आ रहा है। सड़कें टूटी हुई हैं, पुलिस सुरक्षा दे नहीं पा रही है और अस्पतालों में दवाई मिल नहीं रही है। खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर चाहिए जिसके लिए दिनों दिन लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। बीजेपी की सरकार बिल्कुल फेल है और इसी विफलता की वजह से वह हमारे विधायकों को विधानसभा के अंदर नहीं घुसने देना चाहती। उन्हें डर है कि आम आदमी पार्टी के विधायक अंदर जाएंगे और आवाज उठाएंगे तो बीजेपी की पोल खुलेगी। लेकिन हम बीजेपी की पोल दिल्ली की सड़कों पर खोलते रहेंगे। आतिशी ने कहा मंगलवार को पेश हुए बजट में भी रेखा गुप्ता ने सिलेंडर का जिक्र किया है और कहा है कि दिवाली और होली पर सिलेंडर फ्री दिया जाएगा। अब तो सब पूरा ही फ्री हो गया है और कोई भी सिलेंडर के लिए एक भी पैसा खर्च नहीं कर रहा है। अब किसी को भी सिलेंडर पर खर्चा नहीं करना पड़ रहा है क्योंकि लोग इंडक्शन और लकड़ी खरीद रहे हैं। जहां शादी ब्याह हो रहा है, वहां भी सिलेंडर फ्री हो गया है और किसी को पैसा खर्च करने की जरूरत ही नहीं है। जब सिलेंडर मिल ही नहीं रहा है तो उस पर खर्चा वैसे ही खत्म हो गया। बीजेपी वाले इसी तरीके से बिजली और पानी भी फ्री कर देंगे, क्योंकि सब कुछ मिलना ही बंद हो जाएगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/ मार्च/2026