24 घंटे में 3 बड़े हादसे, लाखों का नुकसान जबलपुर, (ईएमएस)। शहर में पिछले 24 घंटे आग की घटनाओं से दहशत का माहौल बना रहा। अधारताल के फर्नीचर शोरूम से लेकर बरगी के गेम जोन क्लब और जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज तक तीन अलग-अलग स्थानों पर भीषण आगजनी की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में जहां लाखों रुपये का नुकसान हुआ, वहीं एक स्थान पर जले हुए मलबे में नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। ऐसा माना जा रहा है कि बरगी के मानेगांव में बने एडवेंचर पार्क में एक बेल्डर मिसिंग है नरकंकाल उसी का हो सकता है| फिलहाल पुलिस डीएनए टेस्ट कराने जा रही है| फर्नीचर शोरूम में भीषण आग........ गुरुवार सुबह-सुबह अधारताल क्षेत्र स्थित साहू और रियाज फर्नीचर शोरूम व गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, क्योंकि अंदर बड़ी मात्रा में लकड़ी और तैयार फर्नीचर रखा हुआ था। सूचना मिलते ही नगर निगम फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक करीब 10 दमकल वाहन बुलाने पड़े। थाना अधारताल और गोहलपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आसपास की सब्जी मंडी और रहवासी क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया गया। प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे में लाखों रुपये का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। क्लब में आग के बाद मिला नर कंकाल… बरगी के मानेगांव-चूल्हा गोलाई क्षेत्र स्थित फडिंगो गेम जोन क्लब में बुधवार शाम अचानक आग लग गई थी। घंटों की मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया गया। जब देर रात पुलिस और एफएसएल टीम जांच के लिए अंदर पहुंची, तो जले हुए मलबे में एक युवक का नर कंकाल मिला। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के मुताबिक, वहां अशोक मरावी नामक वेल्डर के काम करने की जानकारी मिली है, जो घटना के बाद से लापता है। नर कंकाल की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। घटना के बाद से क्लब संचालक का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक कारण यहां भी शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। लैब में धमाके के साथ आग…….. शहर के प्रतिष्ठित जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के कंप्यूटर कक्ष में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। पहले हल्की चिंगारी और आवाज आई, फिर तेज धमाका हुआ और कमरे में काला धुआं भर गया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कंप्यूटर लैब में रखे कुछ उपकरणों के नुकसान की आशंका है, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यहां भी आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। लगातार शॉर्ट सर्किट से उठ रहे सवाल… तीनों घटनाओं में प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट सामने आ रहा है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने शहर में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमित इलेक्ट्रिकल जांच जरूरी है. फायर सेफ्टी उपकरणों की समय-समय पर जांच हो. भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आपातकालीन निकास की व्यवस्था दुरुस्त रहे. प्रशासन अलर्ट, जांच जारी… तीनों मामलों में पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। फायर विभाग ने भी संस्थानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। लगातार तीन बड़े अग्नि हादसों ने साफ कर दिया है कि लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल शहर में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंतित हैं। सुनील साहू / शहबाज / 26 मार्च 2026/ 05.32