क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


- संविदाकर्मी के साथ मिलकर हितग्राहियों से रिश्वत ली, और तय रकम से अधिक पैसा दिया - सीएमओ सहित कम्प्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज भोपाल/ ग्वालियर(ईएमएस)। डबरा नगर पालिका के सीएमओ प्रदीप भदौरिया द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार किये जाने की शिकायत पर जॉच के बाद ईओडब्ल्यू ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी ने हितग्राहियों से रिश्वत लेकर उनके खातें में निर्धारित राशि से अधिक अनुदान राशि देकर सरकार को 1 करोड़ 31 लाख 50 हजार का चूना लगाया है। विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता दीदार कालोनी झांसी रोड डबरा ग्वालियर निवासी धर्मेन्द्र सिंह हैप्पी) पुत्र कश्मीर सिंह जो वार्ड नंबर 11 से पार्षद भी है, उन्होनें एसपी ईओडब्ल्यू ग्वालियर को लिखित शिकायत करते हुए प्रदीप भदौरिया,तत्कालीन सीएमओ,नगर पालिका परिषद डबरा जिला ग्वालियर पर पीएम आवास योजना में 1 अप्रैल 2023 से 30 अप्रैल 2024 के बीच हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित ढाई लाख रूपये के स्थान पर सांठ-गांठ कर कई हितग्राहियों के खातों में 3 लाख रूपये की रकम डालने और बिना जियो टैगिंग के हितग्राही से पैसे लेकर उनके एकाउंट में पैसा डालने के आरोप लगाये थे। ईओडब्ल्यू मुख्यालय भोपाल द्वारा शिकायत दर्ज कर जॉच के लिये ग्वालियर ईओडब्ल्यू को सौपीं गई। - बिना जियो टैगिंग और नोटशीट के ही सीधे पीपीए जारी कर भुगतान कर दिया जांच में सामने आया की पीएम आवास योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को कुल ढाई लाख रूपये की राशि तीन किश्तों में दी जानी निर्धारित है। लेकिन इसके विपरीत आरोपियों ने 13 विशिष्ट हितग्राहियों के खातों में नियमो के खिलाफ 3-3 लाख रूपये पोर्टल के माध्यम से डाल दी। इतना ही नहीं इसके लिये जियो टैगिंग और प्रक्रियाओं की अनदेखी कर बिना अनिवार्य जियो टैगिंग और बिना नोटशीट संचालन के ही सीधे पीपीए जारी कर भुगतान कराया गया। - सीएमओ और संविदा कर्मचारी की ने रिश्वत लेकर किया गोलमाल जॉच में सामने आया की तत्कालीन सीएमओ प्रदीप भदौरिया ने संविदा कर्मचारी राहुल गुप्ता को नियम विरूद्ध पोर्टल संचालन और भुगतान प्रक्रियाओं हेतु अधिकृत किया था। दोनों ने मिलकर और रिश्वत लेकर हितग्राहियों को निर्धारित रकम से अधिक अनुदान राशि का भुगतान किया एवं प्रक्रिया का पालन किये ही बिना भौतिक सत्यापन जियो टैगिंग)के ही 1 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये निकालकर शासन को क्षति पहुचांई। जॉच के आधार पर ईओडब्ल्यू ने दोनो आरोपियो प्रदीप भदौरिया तत्कालीन सीएमओ और राहुल गुप्ता,कम्प्यूटर ऑपरेटर, संविदाकर्मी नगर पालिका परिषद डबरा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओ में मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। जुनेद / 26 मार्च