बोट क्लब से विभिन्न प्रकार का 03 ट्रक सामान तथा अन्य स्थानों से ठेले, टेबिल, बोर्ड, कुर्सियां आदि किये जप्त भोपाल(ईएमएस)। नगर निगम द्वारा शहर के सड़कों, फुटपाथों, सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने ऐतिहासिक बड़ी झील के किनारे बोट क्लब क्षेत्र में अतिक्रमण कर अवैध रूप से रखे गये ठेले, काउंटर, टीन की पेटियां सहित अन्य प्रकार के अतिक्रमणों को हटाया और 03 ट्रक विभिन्न प्रकार की सामग्री जप्त की साथ ही शहर के अन्य स्थानों पर अतिक्रमण कर लगाये गये ठेले, गुमठियां, सब्जी, फल आदि की दुकानें व दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया और ठेले, इलेक्ट्रिक व सादे कांटे, टेबिल, कुर्सियां, बोर्ड आदि जप्त किये। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने गुरूवार को बोट क्लब क्षेत्र में सड़कों, फुटपाथों व अन्य स्थानों पर ठेले, काउंटर, पेटियां, स्टूल आदि को हटाया और 03 ट्रक विभिन्न प्रकार का सामान जप्त किया। इसके अतिरिक्त निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कोलार जे.के. हास्पिटल, मंदाकिनी, भारत माता चौराहा, सूरज नगर, नीलबढ़, बरखेड़ी खुर्द, जवाहर चैक, सरस्वती नगर, लिंक रोड नं0-1,2, न्यू मार्केट, टी.टी. नगर, रंगमहल, काटजू हास्पिटल, शाहपुरा झील, मनीषा मार्केट, डीबी मॉल, बोर्ड आफिस, रानी कमलापति रेल्वे स्टेशन, साकेत नगर, जहांगीराबाद मुर्गी बाजार, टीला जमालपुरा, नारियल खेड़ा, रॉयल मार्केट काला दरवाजा, लालघाटी, दाता कालोनी ब्रिज, करोंद हाउसिंग बोर्ड कालोनी, पीपल चौराहा, करोद दशहरा मैदान, करोंद चौराहा, भोपाल हास्पिटल आदि क्षेत्रों में अतिक्रमण कर सड़कों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाये गये ठेले, इलेक्ट्रिक व सादे कांटे, टेबिल, कुर्सियां, बोर्ड, जाली आदि को हटाया और 07 इलेक्ट्रिक कांटे, 12 सादा कांटे, 01 फोल्डिंग टेबिल, 30 कुर्सियां, 20 स्टैण्ड बोर्ड, 01 ठेला, 02 पानी की बड़ी केन जप्त करने की कार्यवाही की। हरि प्रसाद पाल / 26 मार्च, 2026