शिवपुरी,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित भव्य नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर ने सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया। 17 से 24 मार्च 2026 तक चले शिविर को ‘एक ही स्थान पर आयोजित सबसे बड़ा नि:शुल्क मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल कैंप’ के रूप में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा मान्यता दी गई। यह आयोजन शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मार्गदर्शन में श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन और मध्य प्रदेश शासन के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न हुआ। इस शिविर में हजारों मरीजों को एक ही स्थान पर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। देशभर से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को परामर्श, आधुनिक जांच, आवश्यक दवाइयां और जटिल उपचार सेवाएं प्रदान कीं। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यहां नेत्र, दंत, हड्डी सहित कई गंभीर बीमारियों के इलाज के साथ हाई-टेक रोबोटिक सर्जरी जैसी उन्नत सुविधाएं भी उपलब्ध थीं। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस उपलब्धि को सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के संकल्प की सिद्धि है। इस आयोजन में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह संभव हो सका। यह उपलब्धि न केवल शिवपुरी बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इस पहल ने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत किया और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के नए द्वार खोले। आशीष दुबे/ 26 मार्च 2026