राष्ट्रीय
26-Mar-2026


गुवाहाटी (ईएमएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा कि चुनाव के बाद जैसे ही फिर से बीजेपी की सरकार बनेगी, हम राज्यभर में अतिक्रमण हटाने पर काम करना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि अगली सरकार बनने के बाद हम पांच लाख बीघा अतिक्रमित जमीन खाली करवाएंगे। असम में नदी के किनारे वाले इलाकों को मिलाकर कुल 50 लाख बिघा जमीन पर अतिक्रमण है। उन्होंने कहा कि हम प्रभावशाली लोगों से भी ये जमीन वापस लेंगे। अतिक्रमण हटाने के बाद हम इस जमीन को गरीबों में बांट देंगे। आपको बता दें कि असम चुनाव से पहले सूबे के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। उन्होंने बुधवार को ऐसे ही अपने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है, क्योंकि पिछले 60 सालों में उन्होंने लोगों को जिस तरह की सरकार दी है, उसे लोगों ने देख लिया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हमने असम की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। आज लोगों को हमारी मजबूत सांस्कृतिक विरासत पर आधारित एक नया असम देखने को मिल रहा है। सरमा ने दावा करते हुए कहा था कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को छोड़कर, बाकी सभी लोग पूरी तरह से बीजेपी के साथ हैं। कोई भी स्थानीय मूल भारतीय व्यक्ति कांग्रेस को वोट नहीं देगा। उन्होंने आगे कहा था कि इस बार हालात पूरी तरह से अलग हैं और लोग पूरे दिल से वोट करेंगे। कुछ लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों के साथ मिलकर नतुन (नया) बोर (महान) असम बनाने के सपने देख रहे हैं। हम तो अपने पुराने बोर असम से ही खुश हैं। सुबोध/२६-०३-२०२६