आदमपुर खंती व गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों पर कार्यरत 750 सफाईमित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं औषधी एवं परामर्श भी दिया गया भोपाल(ईएमएस)। नगर निगम द्वारा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था से संलग्न कर्मचारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण नियमित रूप से किया जाता है। इसी तारतम्य में गुरूवार को आदमपुर छावनी स्थित खंती के साथ ही निगम के सभी गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों पर सफाईमित्रों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया जिसमें गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों पर कार्यरत 750 सफाईमित्रों का शासकीय चिकित्सा अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी सफाईमित्रों को दिया गया। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के सभी 15 गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों एवं आदमपुर स्थित गार्बेज प्रोसेसिंग साईट पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच एवं औषधी वितरण के अलावा एन.सी.डी स्क्रीनिंग, आभा आई.डी., आयुष्मान कार्ड एवं ई-के.वाय.सी भी की गई। आदमपुर गार्बेज प्रोसेसिंग साईट एवं गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों पर कार्यरत 750 सफाईमित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और दवाईयां भी दी गई तथा चिकित्सीय परामर्श भी दिया गया। निगम द्वारा आदमपुर प्रोसेसिंग साईट के अलावा दानापानी, जाटखेड़ी, भदभदा, बाबा नगर,शाहपुरा, कजलीखेड़ा, शाहजहांनी पार्क, राजेन्द्र नगर, बैरागढ़, ईदगाह, गोविन्दपुरा, आरिफ नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जिंसी तथा अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों पर आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविरों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला भोपाल द्वारा चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टॉफ को तैनात किया गया था जहां चिकित्सा अधिकारियों ने सफाईमित्रों का सूक्ष्मता से स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविरों में तैनात सहयोगियों ने औषणी वितरण, स्क्रीनिंग व आभा,आयुष्मान कार्ड एवं ई.के.वाय.सी संबंधी कार्य किया। निगम प्रशासन ने प्रत्येक शिविर में चिकित्सा दलों एवं सफाईमित्रों के मध्य समन्वय हेतु पृथक-पृथक अधिकारी भी नियुक्त किए थे। हरि प्रसाद पाल / 26 मार्च, 2026