24 से 26 मार्च तक 27 फील्ड ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण शेष फील्ड ट्रेनर्स को 28 से 30 मार्च 2026 तक दिया जायेगा प्रशिक्षण नर्मदापुरम (ईएमएस)। जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत संभागीय आईटीआई परिसर में फील्ड ट्रेनर्स के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है। नर्मदापुरम जिले में कुल 53 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं जो प्रशिक्षण उपरांत प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण में 27 फील्ड ट्रेनर का प्रशिक्षण 24 मार्च से 26 मार्च तक एवं बचे हुए 26 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 28 मार्च से 30 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान फील्ड ट्रेनर्स को मकान सूचीकरण और मकान की गणना के समय उत्पन्न होने वाले प्रश्नों के उत्तर दर्ज किए जाने तथा उनकी व्याख्या के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त स्व गणना एवं डाटा सत्यापन की प्रक्रिया तथा मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना की विधिवत प्रक्रिया समझ कर फील्ड ट्रेनर्स को कार्योन्मुख किया। इस दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना 2027 के दौरान HLO मोबाइल एप की आवश्यकता तथा इसकी विशेषताएं एवं ऐप के माध्यम से उत्तर भरने की विधिवत प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। गुरुवार को फील्ड ट्रेनर्स के तृतीय दिन का प्रशिक्षण का कार्य संपन्न हुआ फील्ड ट्रेनर्स को फील्ड विजिट कराया गया साथ ही प्रशिक्षण के दौरान रोल प्ले ,क्विज, एवं फीडबैक फॉर्म भी भरवाए गए। प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर एवं जिला प्रभारी सुश्री आयुषी यादव तथा मास्टर ट्रेनर श्री पंकज दुबे द्वारा फील्ड ट्रेनर अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस संयुक्त संचालक एवं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर रामावतार पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य की प्रक्रिया, डेटा संकलन, तकनीकी पहलुओं एवं संभावित समस्याओं के समाधान के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में सभी फील्ड ट्रेनर्स को प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों द्वारा उपयोग किए जाने वाले मोबाइल एप के विषय में भी बताया जा रहा है एवं उसकी हैंड्स ऑन प्रैक्टिस भी कराई जा रही है। मोबाइल ऐप का उपयोग करके ही डाटा का संग्रहण किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे जनगणना कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उल्लेखनीय है कि जनगणना का कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ होगा, जिसमें चार्ज अधिकारी, फील्ड ट्रेनर एवं जमीनी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जनगणना कार्य को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पूर्व तैयारी के रूप में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 26 मार्च 2026