32 जल स्रोतों की सफाई के साथ 1 हजार से अधिक लीकेज का कराया गया सुधार कार्य कटनी (ईएमएस)। नगर निगम द्वारा नागरिकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पेयजल के नमूने एकत्रित कर उनकी नियमित जांच, पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के साथ ही जल स्रोतों की सफाई कराई जा रही है। जल प्रदाय शाखा के उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि निगम की जलप्रदाय शाखा से संबंधित अमले द्वारा बुधवार को महात्मा गांधी वार्ड दाल मिल गली एवं रावत गली, बरही रोड देना बैंक के सामने, स्वामी विवेकानंद वार्ड, बाबू जगजीवन राम वार्ड, विश्राम बाबा वार्ड हाउसिंग बोर्ड, रघुनाथ गंज वार्ड घंटाघर एवं देना बैंक के पास, संत कंवरराम वार्ड रॉबर्ट लाइन, सिविल लाइन सहित नगर के अन्य कुल 14 स्थलों से पेयजल के नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच के माध्यम से जल की शुद्धता, गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा रही है। शुद्ध जलापूर्ति को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा नगर के 32 पेयजल स्त्रोतों टंकी, ओवरहेड टैंक एवं संपवेल की सफाई का कार्य किया जा चुका है। वहीं 152 टयूबवेल के सुधार कार्य के साथ ही लगभग 1 हजार 23 लीकेज का सुधार कार्य कराया जा चुका है। निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, जिससे शहरवासियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी निगम को दें, ताकि त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। ईएमएस / 26/03/2026